UP Weather: यूपी में फिर करवट लेगा मौसम, दो शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभों की दस्तक से झमाझम बारिश के आसार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मार्च की विदाई से पहले मौसम के मिजाज में एक बार फिर बड़ा उलटफेर देखने को मिलने वाला है। पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही तपिश के बीच मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी दोनों जारी की है। ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में एक के बाद एक लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहे हैं, जिसके प्रभाव से 27 मार्च से यूपी के कई हिस्सों में बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। बादलों की इस आवाजाही से पारे में भारी उतार-चढ़ाव दर्ज किया जाएगा, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलेगी।

27 मार्च से पश्चिमी यूपी में बूंदाबांदी, फिर पूरे प्रदेश में असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पहले विक्षोभ का असर 27 मार्च से दिखाई देना शुरू होगा। इसकी शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में हल्की बूंदाबांदी से होगी, जो धीरे-धीरे पूर्वी उत्तर प्रदेश तक अपना दायरा बढ़ाएगा। हालांकि, 29 मार्च को सक्रिय होने वाले दूसरे विक्षोभ की तीव्रता काफी अधिक रहने का अनुमान है। इस दौरान पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में एक बार फिर बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी।

प्रयागराज में पारा 35 के पार, बांदा में सबसे गर्म रात

बारिश से पहले प्रदेश के कई जिलों में सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं। मंगलवार को प्रयागराज 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं, वाराणसी में 35.2 डिग्री और झांसी में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। रात के तापमान की बात करें तो बांदा में न्यूनतम पारा 20.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे वहां रातें अब गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार और बृहस्पतिवार को भी तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।

किसानों के लिए चिंता और आमजन को राहत

मार्च के अंत में होने वाली यह बारिश जहां आम जनता को बढ़ती गर्मी से निजात दिलाएगी, वहीं पकने की कगार पर खड़ी फसलों के लिए चिंता का विषय बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि तेज हवाओं और बारिश की संभावना को देखते हुए किसान अपनी फसलों का ध्यान रखें। विक्षोभ के असर से धूल भरी हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है। आने वाले तीन से चार दिनों तक मौसम का यह ‘लुका-छिपी’ वाला खेल जारी रहेगा।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य ने जनता दर्शन में कहा “हर समस्या को समाधान तक ले जाने का पूरा प्रयास करता हूं

श्री मौर्य ने आज 7 कालिदास मार्ग पर जनता दर्शन में कहा, “प्रदेशभर से आए …