एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड सुपरस्टार सैफ अली खान की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘ओमकारा’ (Omkara) की रिलीज को इस महीने पूरे 20 साल हो चुके हैं। इस फिल्म में सैफ अली खान द्वारा निभाए गए ‘लंगड़ा त्यागी’ के किरदार को आज भी उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ परफॉर्मेंस माना जाता है। अब फिल्म के 20 साल पूरे होने के मौके पर सैफ अली खान ने सेट से जुड़ा एक बेहद दिलचस्प और हैरान करने वाला वाकया शेयर किया है, जब फिल्म के डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने उनसे एक सीन बिना कपड़ों (नंगे) के शूट करने की डिमांड की थी।
विशाल भारद्वाज की अजीब डिमांड और सैफ का करारा जवाब
‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ को दिए एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने बताया कि फिल्म का एक बेहद महत्वपूर्ण सीन था, जिसमें उन्हें शीशे के सामने खड़े होकर एक लंबा डायलॉग बोलना था। सैफ ने कहा, “मुझे याद है कि विशाल भारद्वाज मेरे पास आए और उन्होंने पूछा कि क्या तुम इस सीन को नंगे होकर कर सकते हो? यह आइडिया काफी एक्साइटिंग था, लेकिन सेट पर बहुत ज्यादा भीड़ (क्राउड) होने की वजह से मैं थोड़ा झिझक रहा था।”
विशाल भारद्वाज की इस डिमांड पर सैफ अली खान ने भी चुटकी लेते हुए उनके सामने एक मजेदार शर्त रख दी। सैफ ने विशाल से कहा, “अगर तुम मुझे बिना कपड़ों के (नंगे होकर) डायरेक्ट कर सकते हो, तो मैं भी यह सीन नंगे होकर करने के लिए तैयार हूं।” सैफ की यह डिमांड सुनते ही विशाल भारद्वाज ने तुरंत हाथ पीछे खींच लिए और हंसते हुए कहा, “नहीं, मैं ऐसा नहीं करने वाला।”
सैफ अली खान को आज भी है इस बात का अफसोस
इंटरव्यू के दौरान छोटे नवाब ने यह भी कबूल किया कि उन्हें आज उस सीन को न करने का थोड़ा मलाल है। सैफ ने कहा, “अगर मैं आज पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मुझे लगता है कि मुझे वह सीन कर लेना चाहिए था। विशाल उसे बैक साइड (पीछे) से शूट कर सकते थे। वह स्क्रीन पर काफी अच्छा और अलग लगता। आज बॉलीवुड में काफी कुछ नया और एक्सपेरिमेंटल काम हो रहा है, तो यह भी कुछ नया हो जाता। अगर आज मेरे सामने ऐसा कोई सीन आए, तो मैं उसे जरूर कर दूंगा।”
आखिरी वक्त पर विशाल भारद्वाज ने बदला पूरा सीन
सैफ ने आगे बताया कि उस सीन में पहले लंगड़ा त्यागी का एक दमदार डायलॉग था, जिसमें उन्हें कहना था— ‘तुमने मुझे बाहुबली नहीं बनाया है और अब मैं ये करूंगा।’ लेकिन शूट से ठीक पहले विशाल भारद्वाज ने अपना मन बदल लिया। वह सैफ के पास आए और बोले कि तुम्हें कोई डायलॉग बोलने की जरूरत नहीं है, मेरे पास एक नया विजुअल आइडिया है।
संशोधित सीन के मुताबिक, सैफ को सिर्फ शीशे के सामने खड़े होना था और कैमरे की ट्रॉली उनके पीछे से आनी थी। विशाल ने सैफ के हाथ में एक भारी हथौड़ा जैसी चीज थमा दी और कहा कि तुम्हें इसे पूरी ताकत से शीशे पर मारकर उसे तोड़ना है, जिससे तुम्हारे हाथ से खून बहेगा और बस सीन खत्म। सैफ को भी यह आइडिया बेहद पसंद आया और बिना किसी डायलॉग के यह सीन इतिहास में दर्ज हो गया।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया