ममता के 20 सांसद क्यों छोड़ गए, अखिलेश यादव जवाब दें! बहराइच में गरजे ओवैसी; सपा और टीएमसी पर साधा तीखा निशाना

बहराइच। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच के मुस्लिम बहुल मटेरा विधानसभा क्षेत्र से चुनावी बिगुल फूंक दिया है। रविवार शाम को एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी पर तीखे राजनीतिक बाण चलाए।

ओवैसी ने खुद पर लगने वाले ‘बीजेपी की बी-टीम’ के आरोपों पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव से सीधा सवाल दाग दिया कि आखिर ममता बनर्जी के 20 सांसद पार्टी छोड़कर क्यों चले गए?

“क्या मैंने आयतुल कुर्सी फूंककर उन्हें BJP में भेजा था?”

जनसभा में उमड़े जनसैलाब के सामने ओवैसी ने विपक्षी दलों की दोहरी नीति को आड़े हाथों लिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा, “बंगाल में लाइन लगाकर लोग बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, तो क्या मैंने आयतुल कुर्सी पढ़कर उन पर फूंक मारी थी कि तुम सब बीजेपी में चले जाओ? अब तो बेशर्मी की सारी हदें पार हो चुकी हैं। जो लोग कल तक ‘दिल में मदीना, आंख में काबा’ का नारा देते थे, आज वही लोग बाबा के साथ बैठकर चाय की चुस्कियां ले रहे हैं।”

ओवैसी ने आगे कहा, “वही बाबा बंगाल जाकर दहाड़ते हैं कि बंगाल को ‘काबा की जमीन’ नहीं बनने देंगे, और आज ये तथाकथित धर्मनिरपेक्ष नेता उनके साथ बैठकर चाय पी रहे हैं और ओवैसी को गाली दे रहे हैं। मैं पहले से ही जानता था कि ये सभी बीजेपी और आरएसएस की कठपुतलियां हैं। एक मामूली हवा के झोंके में इन सबने अपना सिर झुका दिया और बीजेपी की शरण में चले गए।”

“बिहार में हमारे विधायक तोड़े, लेकिन हम फिर जीतकर आए”

विरोधी दलों द्वारा एआईएमआईएम को कमजोर करने की कोशिशों पर बोलते हुए ओवैसी ने बिहार का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “इन्होंने बिहार में हमारे विधायकों को लालच देकर तोड़ा, लेकिन मजलिस कमजोर नहीं हुई। हम बिहार में दोबारा जीतकर आए।”

उन्होंने बहराइच और मटेरा की जनता से भावुक अपील करते हुए कहा, “मैं आपसे मजलिस का साथ देने की गुजारिश करता हूं। हम मर जाना पसंद करेंगे, लेकिन अपने ईमान और आपकी मोहब्बत का सौदा कभी नहीं करेंगे। इल्जाम हमेशा ओवैसी पर लगाया जाता है, लेकिन पर्दे के पीछे असली कारनामे कोई और ही कर रहा है।”

सपा के गढ़ में ओवैसी का वार: “25 साल में एक अस्पताल तक नहीं बना”

असदुद्दीन ओवैसी ने बहराइच और मटेरा सीट पर पिछले दो-तीन दशकों से काबिज समाजवादी पार्टी के नेताओं और यासिर शाह के परिवार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने स्थानीय जनता को उनकी वफादारी की याद दिलाते हुए पूछा, “सपा के जो लोग पिछले 20-25 वर्षों से यहां मलाई काट रहे हैं, आपने उन्हें बड़ी वफादारी से एकतरफा वोट दिया। लेकिन आज अखिलेश यादव और उनके नेता बताएं कि उन्होंने बहराइच और मटेरा के विकास के लिए क्या किया? सच तो यह है कि इन्होंने आपकी वफादारी के बदले यहां एक ढंग का अस्पताल तक नहीं बनवाया।”

नौजवानों से किया नए इंकलाब का आह्वान

भाषण के अंत में ओवैसी ने युवाओं में जोश भरते हुए कहा कि अब उत्तर प्रदेश का मुस्लिम और शोषित नौजवान पूरी तरह से जाग चुका है। उन्होंने कहा, “नौजवानों ने अब ठान लिया है कि उत्तर प्रदेश की सियासत में उनके इत्तेहाद (एकजुटता) से एक नया इंकलाब (क्रांति) आएगा। इसी एकजुटता से शोषितों की अपनी नई लीडरशिप पैदा होगी और युवाओं की मेहनत के दम पर उनके असली नुमाइंदे विधानसभा की दहलीज तक पहुंचेंगे।”

Check Also

चंपत राय से जुड़ा ड्राइवर भी करोड़पति, महल जैसे घर में लगाई लिफ्ट! राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद में संतोष दुबे का ED और बुलडोजर पर बड़ा सवाल

अयोध्या। अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और हेराफेरी का मामला …