दबंग 2 में सलमान खान के ऑफर को सोनू सूद ने क्यों किया था रिजेक्ट? सालों बाद ‘छेदी सिंह’ ने किया बड़ा खुलासा, बोले- ‘स्क्रिप्ट के साथ नहीं था कनेक्शन’

मुंबई |बॉलीवुड के ‘रिएल लाइफ हीरो’ और जरूरतमंदों के मसीहा सोनू सूद आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। पर्दे पर विलेन के किरदारों से धाक जमाने वाले सोनू सूद को सबसे ज्यादा लोकप्रियता सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ के ‘छेदी सिंह’ के रूप में मिली। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस किरदार ने उन्हें घर-घर में मशहूर किया, उसे उन्होंने शुरुआत में ठुकरा दिया था? इतना ही नहीं, सोनू ने ब्लॉकबस्टर ‘दबंग 2’ का हिस्सा बनने से भी साफ इनकार कर दिया था। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सोनू सूद ने इन बड़े फैसलों के पीछे की दिलचस्प वजहें साझा की हैं।


‘छेदी सिंह’ के लिए पहले क्यों नहीं भरी थी हमी?

दिव्या जैन से बातचीत के दौरान सोनू सूद ने बताया कि जब पहली बार ‘दबंग’ के डायरेक्टर अभिनव कश्यप उनके पास आए, तो उन्हें स्क्रिप्ट कुछ खास समझ नहीं आई थी। सोनू बोले, “शुरुआत में मुझे छेदी सिंह का किरदार अपील नहीं कर रहा था। फिर मैं डायरेक्टर के साथ बैठा और हमने साथ मिलकर स्क्रिप्ट में कई बदलाव किए। हमने उस किरदार में थोड़ा ह्यूमर (हास्य) और एंटरटेनमेंट जोड़ा, तब जाकर वह इतना आइकोनिक बन पाया।” सोनू ने साफ किया कि उन्हें इस बात से फर्क नहीं पड़ता कि रोल पॉजिटिव है या नेगेटिव, बस वह दर्शकों को एंटरटेन करना चाहिए।

दबंग 2 को क्यों कहा ‘ना’? सलमान खान का क्या था रिएक्शन?

सोनू सूद ने खुलासा किया कि ‘दबंग’ की बंपर सफलता के बाद सलमान खान और अरबाज खान उन्हें ‘दबंग 2’ में भी लेना चाहते थे। सोनू ने बताया, “मुझे फिल्म के लिए अप्रोच किया गया था, लेकिन जब मैंने स्क्रिप्ट सुनी तो मैं उससे जुड़ाव महसूस नहीं कर पा रहा था। मुझे लगा कि साफ बोल देना ही सही होगा। मैंने उनसे कहा कि मैं इस रोल को नहीं समझ पा रहा हूं और मैंने पीछे हटना ही बेहतर समझा।”

पैसे के लिए नहीं की फिल्में: सोनू ने एक बड़ी बात कही कि उन्होंने कभी सिर्फ पैसों के लिए किसी फिल्म को हां नहीं कहा, क्योंकि अगर आप ऐसा करते हैं तो आप सेट पर स्ट्रगल करते हैं।

फिल्म रिजेक्ट करने के बाद भी बरकरार है सलमान संग दोस्ती

आमतौर पर बड़े स्टार्स की फिल्म रिजेक्ट करने के बाद रिश्तों में खटास आ जाती है, लेकिन सलमान और सोनू के बीच ऐसा कुछ नहीं हुआ। सोनू ने एक मजेदार किस्सा सुनाते हुए कहा, “जब दबंग 2 का पहला ट्रायल शो था, तो सलमान ने मुझे फोन किया और मजाकिया अंदाज में कहा— ‘छेदी सिंह, जो पिक्चर तूने छोड़ी है, उसे देखने चलेगा?’ मैंने तुरंत हां कह दिया और हमने साथ बैठकर फिल्म देखी।” बता दें कि सोनू के मना करने के बाद फिल्म में प्रकाश राज ने विलेन की भूमिका निभाई थी।

युद्ध के बीच भी जारी है सोनू का सेवा भाव

फिल्मों के साथ-साथ सोनू सूद इन दिनों अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में हैं। मिडिल ईस्ट में जारी ईरान-अमेरिका युद्ध के बीच दुबई और अन्य प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीयों की मदद के लिए सोनू सूद लगातार सक्रिय हैं। उनके इस मानवीय पक्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह पर्दे के ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी के भी ‘धुरंधर’ हैं।

Check Also

Sister Horrific Marriage: ‘कोठा खोल लो’, बहन की दर्दनाक शादी और ससुराल का टॉर्चर याद कर फूट-फूटकर रोई एक्ट्रेस, बयां किया खौफनाक सच

मनोरंजन जगत की चकाचौंध के पीछे कई ऐसे स्याह और दिल दहला देने वाले सच …