‘रामायण’ की रिलीज से पहले यश का बड़ा धमाका, अलीबाग में खरीदी करोड़ों की प्रॉपर्टी, शाहरुख-विराट के क्लब में हुए शामिल

‘केजीएफ’ फेम कल्ट सुपरस्टार यश (Yash) इन दिनों अपनी बैक-टू-बैक आने वाली बड़ी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं। फैंस उनकी अपकमिंग मूवीज ‘टॉक्सिक’ और ‘रामायण’ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच रॉकिंग स्टार यश को लेकर एक बेहद बड़ी और दिलचस्प खबर सामने आ रही है। यश ने अपनी पत्नी राधिका पंडित के साथ मिलकर महाराष्ट्र के आलीशान और वीआईपी इलाके अलीबाग (Alibaug) में एक बेहद महंगी प्रॉपर्टी खरीदी है। इस नई डील के बाद यश अब बॉलीवुड के किंग खान यानी शाहरुख खान और टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली जैसे दिग्गजों के एलीट क्लब में शामिल हो गए हैं।

जानिए कितने करोड़ की है रॉकिंग स्टार यश की यह नई प्रॉपर्टी

अलीबाग हमेशा से ही बॉलीवुड और खेल जगत के बड़े-बड़े सेलेब्स की पहली पसंद रहा है, जहां वे अक्सर वीकेंड मनाने जाते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश और उनकी पत्नी द्वारा खरीदी गई इस आलीशान प्रॉपर्टी की कीमत करीब 24 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह एक एग्रीकल्चर लैंड (कृषि भूमि) है, जो लगभग 3750 स्क्वायर मीटर के विशाल क्षेत्र में फैली हुई है। इस प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए यश ने 1.44 करोड़ रुपये की भारी-भरकम स्टैम्प ड्यूटी चुकाई है, जबकि 60 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस और 5200 रुपये हैंडलिंग चार्ज दिए हैं। अलीबाग के कामत गांव में स्थित इस जमीन पर एक खूबसूरत रेसिडेंशियल स्ट्रक्चर भी बना हुआ है।

अलीबाग के इस एलीट क्लब में पहले से मौजूद हैं ये बड़े सुपरस्टार्स

यश से पहले भी देश के कई नामचीन सितारों ने अलीबाग को अपना दूसरा आशियाना बनाया है। यश अब जिस एलीट क्लब का हिस्सा बने हैं, उसमें बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान, अमिताभ बच्चन, पावर कपल दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह, विराट कोहली-अनुष्का शर्मा, कार्तिक आर्यन और कृति सेनन जैसे बड़े नाम शामिल हैं। आपको बता दें कि यश का मुख्य आशियाना बेंगलुरु में है, जिसकी कीमत करीब 6 से 8 करोड़ रुपये है। इसके अलावा कर्नाटक में इस स्टार कपल का एक शानदार फार्महाउस भी मौजूद है।

भारत की सबसे महंगी फिल्म ‘रामायण’ में ‘रावण’ बनेंगे यश

वर्कफ्रंट की बात करें तो यश फिल्म ‘रामायण’ को लेकर सबसे ज्यादा सुर्खियों में हैं, जिसे दंगल फेम डायरेक्टर नितेश तिवारी निर्देशित कर रहे हैं। यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म होने वाली है, जिसका कुल बजट (दोनों पार्ट्स को मिलाकर) लगभग 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस ग्रैंड प्रोजेक्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के मुख्य किरदारों में नजर आएंगे। वहीं, यश खुद इस फिल्म में महाप्रतापी ‘रावण’ का आइकॉनिक रोल प्ले कर रहे हैं और वह इस फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं। फिल्म का पहला पार्ट इसी साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में तबाही मचाने के लिए तैयार है।

‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट का फैंस को है बेसब्री से इंतजार

रामायण के अलावा यश की दूसरी बड़ी फिल्म ‘टॉक्सिक’ (Toxic) है, जिसे गीतू मोहनदास डायरेक्ट कर रही हैं। इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया, हुमा कुरैशी और रुकमणि वसंत जैसे बड़े सितारे नजर आने वाले हैं। पहले यह फिल्म 19 मार्च को रिलीज होने वाली थी, लेकिन मिडल ईस्ट के हालातों के चलते इसकी डेट आगे बढ़ाई गई। हालांकि, मेकर्स की तरफ से अभी तक इसकी नई और फाइनल रिलीज डेट का आधिकारिक एलान होना बाकी है।

Check Also

4 साल पहले शुरू हुई थी ‘ब्राउन’ की शूटिंग, करिश्मा कपूर ने रणबीर-आलिया की शादी को लेकर किया बड़ा खुलासा

बॉलीवुड की लोलो यानी करिश्मा कपूर एक बार फिर ओटीटी की दुनिया में अपना जलवा …