ममता बनर्जी पर बरसे योगी के मंत्री, बोले- ‘गोमाता की हाय और कुशासन ने डुबोई टीएमसी की लंका’

अयोध्या। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। गुरुवार को रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे योगी सरकार के दो कद्दावर मंत्रियों ने ममता बनर्जी और टीएमसी (TMC) पर तीखे प्रहार किए। मंत्रियों ने बंगाल की हार को ‘अधर्म पर धर्म की जीत’ और ‘जनता का आक्रोश’ करार दिया।

लक्ष्मी नारायण चौधरी का तंज: “ममता को लगी गोमाता की हाय”

प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने रामलला की पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बात करते हुए ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में जैसा कुशासन चल रहा था, वैसा तो अंग्रेजों के दौर में भी नहीं देखा गया। वहां गाय और बैलों की तस्करी कर उन्हें बांग्लादेश भेजा जाता था। आज ममता बनर्जी की जो हालत हुई है, वह वहां की जनता और गोमाता की ‘हाय’ का नतीजा है।”

मंत्री ने शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का जिक्र करते हुए इसे लोकतंत्र के लिए कलंक बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता इस अराजकता से ऊब चुकी थी और बदलाव की प्रतीक्षा कर रही थी।

आरक्षण और पाकिस्तान पर भी बोले मंत्री

लक्ष्मी नारायण चौधरी ने जातिगत जनगणना और आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने बिहार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी अति पिछड़ा वर्ग (MBC) के लिए अलग व्यवस्था और विशेष आरक्षण पर विचार करने की वकालत की। वहीं, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली वर्षगांठ पर उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरहद पार से फिर कोई हिमाकत हुई, तो भारत कड़ा जवाब देने के लिए तैयार है।

खेल मंत्री गिरीश यादव का दावा: “2027 में फिर खिलेगा कमल”

अयोध्या पहुंचे प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने भी बंगाल के नतीजों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जीत बताया। उन्होंने कहा, “बंगाल की जनता ने टीएमसी के भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अराजकता को पूरी तरह नकार कर भाजपा की विचारधारा पर मुहर लगाई है।”

यूपी की राजनीति पर बात करते हुए खेल मंत्री ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के दम पर भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन का जो मॉडल योगी सरकार ने स्थापित किया है, जनता उस पर अटूट विश्वास रखती है।

Check Also

UP Scholarship 2026-27: यूपी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की आखिरी तारीख नजदीक, जानिए पात्रता, आय सीमा और OTR की पूरी प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग …