
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने सर्किट हाउस, प्रयागराज में ‘जनता दर्शन’ के माध्यम से स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समुचित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तत्पश्चात उन्होंने पत्रकार बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता भी की।
श्री मौर्य ने जनसमस्याओं के समाधान को जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए अधिकारियों से अपेक्षा की कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, प्रशासनिक जवाबदेही और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुशासन के प्रमुख आधार हैं। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रदेश में किए जा रहे विकास कार्यों का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आवास, आयुष्मान भारत योजना के जरिए पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत स्वच्छ ईंधन तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने जैसी व्यवस्थाएं गरीब एवं वंचित वर्गों के जीवन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया