
उत्तर प्रदेश के कानपुर में चर्चित दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में रोजाना नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। जांच में सामने आया है कि जिस समय घर के अंदर विनीत मिनोचा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ली जा रही थी, ठीक उसी समय उनकी बहू शालू मीनोचा अपने पति सुब्रत के साथ शहर के एक महंगे लाउंज में जश्न मना रही थी और जमकर डांस कर रही थी।
सोशल मीडिया पर इस पार्टी का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शालू गहरे बैंगनी रंग के गाउन में ‘तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो’ गाने पर अपने पति के साथ ठुमके लगाती दिख रही है। बाहर से देखने पर किसी को भी यह भनक नहीं लगी कि इस हंसते-मुस्कुराते चेहरे के पीछे ससुर की हत्या की इतनी खौफनाक साजिश चल रही है।
कॉस्मोजिन लाउंज की पार्टी में शामिल सभी 20-25 कपल्स को पुलिस का नोटिस
पुलिस की जांच के मुताबिक, यह पार्टी तिलक नगर स्थित कॉस्मोजिन लाउंज में आयोजित की गई थी। पार्टी में शहर के करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे, जिनमें ज्यादातर कपल्स शामिल थे। अब कानपुर पुलिस इस पार्टी में शामिल सभी जोड़ों (कपल्स) को पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी कर चुकी है।
पुलिस यह जानना चाहती है कि पार्टी के दौरान शालू का हाव-भाव और व्यवहार कैसा था। क्या वह पार्टी के बीच में बार-बार फोन पर किसी से बात कर रही थी या वॉशरूम की तरफ जा रही थी? इसके अलावा, लाउंज के सीसीटीवी का डीवीआर सुरक्षित न मिलने के कारण पार्टी में मौजूद कपल्स और कर्मचारियों के मोबाइल फोन से बनाए गए वीडियो फुटेज को जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या पार्टी में शामिल किसी अन्य करीबी को इस साजिश का पहले से कोई अंदेशा था।
91 मिनट तक कमरे में छिपे रहे सुपारी किलर, प्लान-ए फेल होने पर किया मर्डर
जांच में सामने आई टाइमलाइन के अनुसार, शालू ने पार्टी में जाने से पहले ही पूरी पटकथा लिख दी थी। रात 9:36 बजे शालू अपने पति सुब्रत और बेटे के साथ पार्टी के लिए निकली। उसके ठीक बाद फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी से पूर्व नौकर विशाल गौतम और उसका साथी राजकिशोर अंदर दाखिल हो गए। दोनों हत्यारे करीब 91 मिनट तक शालू के बेडरूम में लाइट बंद करके विनीत मिनोचा के आने का इंतजार करते रहे।
योजना के तहत हत्यारों को विनीत के सोने के बाद तकिए से मुंह दबाकर उनकी हत्या करनी थी, ताकि यह मामला दिल का दौरा (हार्ट अटैक) या सामान्य मौत जैसा लगे। लेकिन करीब 11 बजे जब कारोबारी घर लौटे और कमरे का दरवाजा हल्का खुला देखकर अंदर पहुंचे, तो उन्होंने लाइट जला दी। अचानक आमना-सामना होने पर प्लान-ए फेल हो गया और हत्यारों ने प्लान-बी पर काम करते हुए चाकू से गोदकर विनीत की बेरहमी से हत्या कर दी।
6 लाख की सुपारी, 309 बार बातचीत और 49 डिलीट मैसेज से खुला राज
वारदात के बाद रात करीब 3 बजे जब शालू घर लौटी, तो उसने फूट-फूट कर रोने और चीखने-चिल्लाने का ऐसा ड्रामा किया जिससे लगे कि वह गहरे सदमे में है। लेकिन पुलिस ने जब सीसीटीवी खंगाला, तो पुराने नौकर विशाल की मौजूदगी सामने आ गई। मुठभेड़ के बाद पकड़े गए विशाल ने कबूल किया कि शालू ने ससुर की हत्या के लिए उसे 6 लाख रुपये की सुपारी और नौकरी देने का वादा किया था।
डिजिटल फॉरेंसिक जांच में यह भी सामने आया कि 1 मई से वारदात के दिन तक शालू और विशाल के बीच 309 बार कॉल और व्हाट्सएप पर संपर्क हुआ था। वारदात से ठीक पहले और बाद के 49 मैसेज डिलीट किए गए थे, जिन्हें पुलिस तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से रिकवर कर रही है। ससुर द्वारा घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, खर्चों पर रोक-टोक और प्रॉपर्टी के विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस पति सुब्रत की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया