केशव प्रसाद मौर्य 21 अक्टूबर को बस्ती के भ्रमण पर रहेंगे, पार्टी पदाधिकारियों से संवाद और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा

केशव प्रसाद मौर्य दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को बस्ती जनपद के भ्रमण पर रहेंगे। इस दौरान वह जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद करने के साथ ही विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य दोपहर 12:35 बजे ग्राम तेलियाजोत, पोस्ट कटया, थाना नगर, जनपद बस्ती में पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री श्री हरीश द्विवेदी जी के आवास पर जाएंगे।

तदोपरान्त उप मुख्यमंत्री सर्किट हाउस, बस्ती में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, जनसमस्याओं तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में चर्चा करेंगे। साथ ही, कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान करेंगे।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की समीक्षा की जाएगी। वह अधिकारियों को निर्देश देंगे कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

तदोपरान्त उप मुख्यमंत्री जनपद में संचालित विकासशील एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति का जायजा लेंगे। उनका जोर रहेगा कि विकास परियोजनाएं समय से पूरी हों और उनका लाभ आमजन को मिले।

प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में सुशासन, जनकल्याण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री का यह भ्रमण विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी और जनहितकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण रहेगा।

Check Also

केशव प्रसाद मौर्य का हरदोई भ्रमण कार्यक्रम अपरिहार्य कारणों से निरस्‍त

निरस्‍त हो गया कल का कार्यक्रम केशव प्रसाद मौर्य हरदोई जनपद के भ्रमण के दौरान …