
टेलीविजन इंडस्ट्री के चर्चित कपल रहे गौरव खन्ना और आकांक्षा चमोला के तलाक की खबरों ने पिछले कुछ समय से फैंस को हैरान कर रखा है। रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के दौरान आकांक्षा द्वारा अलग होने के खुलासे के बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और दावे सामने आ रहे थे। हाल ही में इंटरनेट पर यह दावा तेजी से वायरल हुआ कि आकांक्षा ने गौरव से तलाक के बदले ₹10 करोड़ की भारी-भरकम एलिमनी (गुजारा भत्ता) की मांग की है। अब खुद आकांक्षा चमोला ने इन सभी अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए बेहद तल्ख अंदाज में करारा जवाब दिया है।
₹10 करोड़ की एलिमनी पर आकांक्षा चमोला का दो टूक जवाब
हाल ही में ‘मैशेबल इंडिया’ को दिए एक इंटरव्यू के दौरान जब आकांक्षा से ₹10 करोड़ की एलिमनी मांगने को लेकर सीधा सवाल किया गया, तो उन्होंने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
आकांक्षा ने हंसते हुए और कटाक्ष भरे लहजे में कहा, “अगर मांगा होता और अगर मिल गया होता तो क्या मैं यहां बैठी होती? अगर सच में मेरे पास इतने पैसे होते न, तो मैं कब का यह देश छोड़कर चली गई होती और कहीं बाहर दुनिया घूम रही होती।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो इतनी बड़ी रकम मांगी है और न ही उन्हें ऐसा कुछ मिला है। सोशल मीडिया पर उड़ाई जा रही यह बात पूरी तरह से मनगढ़ंत और बेबुनियाद है।
कहां से शुरू हुई 10 करोड़ रुपये के भरण-पोषण की चर्चा?
दरअसल, आकांक्षा और गौरव के तलाक की खबरों के बीच सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ओरी (Orry) ने एक बातचीत में टिप्पणी की थी कि उन्हें पूरा यकीन है कि आकांक्षा इस तलाक में गौरव से कुछ न कुछ हर्जाना या एलिमनी जरूर लेंगी। ओरी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया जाने लगा कि आकांक्षा ने ₹10 करोड़ की एलिमनी मांगी है। आकांक्षा ने अब इन अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है।
‘शुगर डैडी सीकर’ कहे जाने पर ट्रोल्स को लताड़ा
इंटरव्यू के दौरान आकांक्षा ने उन ट्रोल्स को भी आड़े हाथों लिया जो शादी के समय उम्र के फासले को लेकर उन पर तंज कसते थे। दरअसल, गौरव खन्ना आकांक्षा से करीब 10 साल बड़े हैं और शादी के समय आकांक्षा की उम्र 24 वर्ष थी।
सोशल मीडिया पर खुद को ‘शुगर डैडी सीकर’ कहे जाने पर उन्होंने साफ कहा कि आमतौर पर 30-40 साल बड़े पुरुषों के लिए यह शब्द इस्तेमाल होता है। गौरव उनसे केवल 10 साल बड़े हैं और 10 साल बड़ा जीवनसाथी कभी ‘शुगर डैडी’ नहीं हो सकता।
क्या तलाक के बाद दूसरी शादी करेंगी आकांक्षा?
जब आकांक्षा से पूछा गया कि क्या गौरव से औपचारिक रूप से अलग होने के बाद वे अपनी जिंदगी में आगे बढ़ेंगी और किसी अन्य से शादी करेंगी? तो उन्होंने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि वे भविष्य में दोबारा कभी शादी नहीं करेंगी।
बच्चे के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने स्वीकार किया कि गौरव को परिवार आगे बढ़ाना था और उन्हें बच्चे चाहिए थे, जबकि वे इसके लिए मानसिक तौर पर तैयार नहीं थीं। आकांक्षा ने कहा कि 99% लोग बच्चे के लिए शादी करते हैं और गौरव अपनी जगह बिल्कुल सही थे, लेकिन जब उन्हें लगा कि वे उन्हें यह खुशी नहीं दे पा रही हैं, तो उन्होंने रिश्ते से सम्मानपूर्वक अलग होना ही बेहतर समझा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया