
मनीला/नई दिल्ली: फिलीपींस की राजधानी मनीला में मंगलवार को आयोजित तेईसवें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक समुदाय को शांति, स्थिरता और आपसी एकता का बड़ा संदेश दिया। दुनिया भर में चल रहे भू-राजनीतिक तनावों और संकटों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में विश्व एक के बाद एक अनेक संकटों से गुजरा है, इसलिए आज दुनिया को सबसे अधिक शांति, स्थिरता और पूर्वानुमान-योग्यता की आवश्यकता है। शिखर सम्मेलन के मुख्य विषय ‘नेविगेटिंग अवर फ्यूचर टुगेदर’ को अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत और आसियान देश मिलकर विश्व की लगभग एक चौथाई आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ऐसे में यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि हमारा भविष्य आपसी प्रतिस्पर्धा या मुकाबले से नहीं, बल्कि आपसी सहयोग और साझेदारी से तय हो।
भारत और आसियान मिलकर बन सकते हैं शांति और स्थिरता का प्रतीक: पीएम मोदी
आसियान नेताओं के साथ अपने तेरहवें संवाद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और आसियान के पास न केवल सामर्थ्य है, बल्कि एक साझा संकल्प भी है, जिसके बल पर वे मिलकर इस पूरे क्षेत्र को शांति और स्थिरता का प्रतीक बना सकते हैं। उन्होंने आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका के प्रति भारत की अटल प्रतिबद्धता को दोहराते हुए स्पष्ट किया कि भारत का विकास और आसियान की समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर को आसियान की सफल अध्यक्षता और भारत के कंट्री कोऑर्डिनेटर के रूप में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए बधाई भी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीला की यह बैठक भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी तथा एक सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में निर्णायक योगदान देगी।
विकसित भारत 2047 और आसियान कम्युनिटी विजन 2045 को जोड़ने का आह्वान
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में ‘आसियान कम्युनिटी विजन 2045’ और भारत का ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प हमारी साझा आकांक्षाओं को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में आसियान देशों की यह उनकी तीसरी यात्रा है, जो भारत की विदेश नीति में आसियान के विशेष महत्व को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ ने पिछले बारह वर्षों में भारत-आसियान संबंधों को नई गति और गहराई दी है। आज हमारी साझेदारी केवल साझा संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डिजिटल तकनीक, रक्षा और अंतरिक्ष जैसे आधुनिक और रणनीतिक क्षेत्रों में भी नए आयाम प्राप्त कर रही है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2027 में भारत और आसियान के बीच संवाद साझेदारी के पैंतीस वर्ष तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच वर्ष भी पूरे होने जा रहे हैं।
जन-जन के संपर्क से लेकर डिजिटल और समुद्री सहयोग तक नौ बड़ी पहलों की घोषणा
प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2014 से अब तक भारत और आसियान के बीच लोगों के आपसी संपर्क को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों का भी ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में सौ से अधिक पहल की गई हैं, लगभग ढाई सौ त्वरित प्रभाव वाली परियोजनाएं शुरू की गई हैं और दस हजार से अधिक कौशल विकास छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं। इसके अलावा भारत और नौ आसियान देशों के बीच सीधी हवाई उड़ानों और बढ़ते पर्यटन ने दोनों क्षेत्रों की निकटता को और मजबूत किया है।
इस शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-आसियान संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए नौ प्रमुख पहलों की भी घोषणा की। इनमें समुद्री सुरक्षा, व्यापारिक संपर्क, डिजिटल बुनियादी ढांचे, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम शामिल हैं।
ईस्ट एशिया समिट में भी गूंजा संवाद और कूटनीति का संदेश
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के अतिरिक्त प्रधानमंत्री मोदी ने इक्कीसवें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लिया और वर्तमान वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए संवाद, आपसी सम्मान और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के संकटपूर्ण दौर में शांति के सभी प्रयासों का समर्थन करना आवश्यक है। इस मंच से उन्होंने नालंदा में ईस्ट एशिया समिट यूनिवर्सिटी कॉन्क्लेव और गुजरात के लोथल में समुद्री विरासत महोत्सव आयोजित करने सहित चार महत्वपूर्ण क्षेत्रीय पहलों की भी घोषणा की, जिससे शिक्षा, शोध और सांस्कृतिक जुड़ाव को नया बल मिलेगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया