
प्रमुख मंदिरों और शक्तिपीठों में 24 घंटे सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी संवेदनशील और प्रमुख मंदिरों के प्रवेश एवं निकास द्वारों, परिक्रमा पथ और गर्भगृह के आस-पास हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, जिनकी लाइव मॉनिटरिंग के लिए स्थानीय स्तर पर एक डेडिकेटेड 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित हो। अत्यधिक भीड़-भाड़ वाले तीर्थ स्थलों पर भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) के लिए ड्रोन कैमरों से रियल-टाइम निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
मिशन शक्ति के तहत महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस
नवरात्रि नारी शक्ति के सम्मान और उपासना का पर्व है, इसी को आधार बनाते हुए सीएम योगी ने ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखने को कहा है। मंदिरों के आस-पास, मेला परिसरों, सार्वजनिक परिवहन अड्डों और प्रमुख मार्गों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड और महिला पुलिस बीट की निरंतर पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाएगी। मंदिर परिसरों में कतारबद्ध दर्शन के दौरान महिलाओं, वृद्धों और बच्चों के लिए अलग सुगम लेन की व्यवस्था करने तथा प्राथमिक उपचार शिविर व पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे निर्बाध बिजली, स्वच्छता और अतिक्रमण मुक्त मार्ग
धार्मिक स्थलों की व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने नगर विकास और ऊर्जा विभाग को भी कड़े आदेश दिए हैं। नवरात्रि के नौ दिनों तक सभी प्रमुख मंदिर क्षेत्रों और शक्तिपीठों में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि प्रकाश की कोई कमी न रहे। इसके साथ ही मंदिर जाने वाले सभी पहुंच मार्गों को पूरी तरह गड्ढामुक्त और अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम और स्थानीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि मंदिर परिसरों और मेला स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर दिन में तीन बार सफाई और कूड़ा निस्तारण किया जाए।
फूड सेफ्टी, लाउडस्पीकर मानक और मिलावटखोरी पर जीरो टॉलरेंस
श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) को मंदिरों के आस-पास बिकने वाले फलाहार, कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा और प्रसाद की गुणवत्ता की नियमित जांच करने को कहा गया है। मिलावटखोरों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लाउडस्पीकर के उपयोग को लेकर उच्चतम न्यायालय के तय डेसिबल मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराने और किसी भी नई परंपरा की अनुमति न देने की नीति पर प्रशासन को अडिग रहने का आदेश दिया गया है। सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की आस्था का पूरा सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अराजक तत्व को कतई बख्शा नहीं जाएगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया