लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एलपीजी (LPG) संकट और गैस एजेंसियों के बाहर उमड़ती भीड़ को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को सपा मुख्यालय में मीडिया से रूबरू होते हुए अखिलेश ने तंज कसा कि उत्तर प्रदेश में ‘एलपीजी’ का असली मतलब अब ‘लापता गैस’ (Laapata Gas) हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण जनता एक बार फिर लंबी लाइनों में लगने को मजबूर है।
‘एक कचौरी एक समोसा, अब गैस पर न रहा भरोसा’
अखिलेश यादव ने प्रदेश में व्याप्त गैस किल्लत पर चुटकी लेते हुए कहा कि सरकार ने इस संकट से निपटने के लिए कोई तैयारी नहीं की। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा, “एक कचौरी एक समोसा, अब गैस पर न रहा भरोसा।” उन्होंने आगे कहा कि अब लोग फिर से पुराने दिनों की तरह कोयले और चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। तंज कसते हुए उन्होंने यह भी कहा कि शायद भाजपा चाहती है कि लोग ‘स्मोक्ड फूड’ का आनंद लें, क्योंकि चाय और रोटी तो अब कोयले पर ही बन रही है।
महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ का ऐलान
भाजपा के महिला आरक्षण मुद्दे को ‘ध्यान भटकाने वाली राजनीति’ करार देते हुए अखिलेश यादव ने बड़ा चुनावी दांव खेला। उन्होंने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार आने पर ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी।
-
सालाना मदद: इस योजना के तहत हर महिला को प्रति वर्ष 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
-
जाति जनगणना: उन्होंने दोहराया कि सपा की मांग ‘जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ की है, इसलिए जाति जनगणना के आधार पर ही आरक्षण मिलना चाहिए।
एमओयू और ‘प्रोपेगेंडा’ पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने निवेश के दावों पर भी सरकार की पोल खोली। उन्होंने कहा कि हाल ही में एक एमओयू (MoU) को लेकर सरकार की भारी किरकिरी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया:
-
वित्तीय बैकग्राउंड: निवेश करने वाली कंपनियों का कोई ठोस वित्तीय रिकॉर्ड नहीं है।
-
प्रोपेगेंडा मिनिस्टर: हिटलर के शासन का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी मंत्री आज ‘प्रोपेगेंडा मिनिस्टर’ बन गए हैं और खुद को प्रधानमंत्री समझते हैं।
-
जांच की मांग: अखिलेश ने प्रदेश सरकार द्वारा किए गए सभी एमओयू की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
विश्वगुरु बनने का मौका गंवाया: अंतरराष्ट्रीय कूटनीति पर सवाल
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध पर टिप्पणी करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने ‘विश्वगुरु’ बनने का एक सुनहरा मौका खो दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापार और डिप्लोमेसी साथ-साथ चलते हैं, लेकिन भारत इस संकट में प्रभावी भूमिका निभाने में विफल रहा है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब तक यह सरकार रहेगी, देश कभी ‘आत्मनिर्भर’ नहीं बन पाएगा।
सम्राट अशोक की प्रतिमा और अन्य घोषणाएं
अखिलेश यादव ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि सपा सरकार आने पर गोमती रिवर फ्रंट पर मौर्य वंश के महान शासक सम्राट अशोक की भव्य प्रतिमा लगाई जाएगी और उन्हें सोने के सिंहासन पर प्रतिष्ठित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से डरी हुई है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया