शादी के 10 साल बाद मां बनेंगी संभावना सेठ, सरोगेसी से घर आएगी नन्हीं खुशी; एक्ट्रेस ने बयां किया मिसकैरेज का दर्द

Sambhavna Seth News: भोजपुरी सिनेमा और टीवी जगत की मशहूर एक्ट्रेस व ‘बिग बॉस’ फेम संभावना सेठ के घर जल्द ही किलकारियां गूंजने वाली हैं। शादी के करीब 10 साल बाद एक्ट्रेस मां बनने जा रही हैं। संभावना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक बेहद ही रचनात्मक पोस्ट के जरिए अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है। एक्ट्रेस ने बताया कि वह सरोगेसी के जरिए माता-पिता बनने जा रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस की ओर से बधाइयों का तांता लग गया है।

न्यूजपेपर स्टाइल में किया प्रेग्नेंसी का ऐलान

संभावना सेठ ने अपने पति अविनाश द्विवेदी के साथ एक बेहद क्यूट फोटो शेयर की है। तस्वीर में दोनों एक न्यूजपेपर पकड़े हुए नजर आ रहे हैं, जिस पर बड़े अक्षरों में लिखा है— “सैम अवी का बेबी। ब्रेकिंग न्यूज। कमिंग सून। हम प्रेग्नेंट हैं।” एक अन्य तस्वीर में छोटे बच्चे के जूते और तीसरी फोटो में उनके पालतू डॉग के साथ बच्चे की सोनोग्राफी रिपोर्ट नजर आ रही है।

एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, “हम प्रेग्नेंट हैं। हमारी सबसे प्यारी कहानी अब प्रोडक्शन में है, प्यार, आशा और सरोगेसी के जरिए। काउंटडाउन शुरू हो चुका है।”

मिसकैरेज और IVF की कठिन जर्नी

संभावना सेठ के लिए मां बनने का सफर कांटों भरा रहा है। साल 2024 में एक्ट्रेस ने आईवीएफ (IVF) के जरिए गर्भधारण किया था, लेकिन बदकिस्मती से 3 महीने बाद उनका मिसकैरेज हो गया। उस दौरान संभावना ने अपने यूट्यूब व्लॉग में रोते हुए अपना दर्द साझा किया था। उन्होंने बताया था कि वह फोटोशूट कराकर खुशखबरी देने ही वाली थीं कि उनका सपना टूट गया। कई सालों तक हार्मोनल इंजेक्शन और शारीरिक-मानसिक पीड़ा झेलने के बाद अब सरोगेसी के जरिए उनके जीवन में खुशियों ने दस्तक दी है।

सेलेब्स ने दी जमकर बधाइयां

संभावना के इस इमोशनल पोस्ट पर मनोरंजन जगत के सितारों ने प्यार बरसाया है। गौहर खान ने लिखा, “यह सबसे सुखद खबर है, भगवान आपको खुश रखे।” वहीं भारती सिंह, रश्मि देसाई, दीपिका, गजराज राव और युविका चौधरी जैसे कलाकारों ने भी कपल को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।

10 साल का लंबा इंतजार हुआ खत्म

आपको बता दें कि संभावना सेठ और अविनाश द्विवेदी साल 2016 में शादी के बंधन में बंधे थे। तब से लेकर अब तक, यानी करीब एक दशक तक कपल ने माता-पिता बनने का इंतजार किया है। संभावना ने डेटिंग के वक्त ही अपने एग्स फ्रीज करवा लिए थे, ताकि भविष्य में कोई समस्या न हो। अब 2026 में उनका यह इंतजार खत्म होने जा रहा है।

Check Also

Nana Patekar की मां को देर रात क्यों दी गई थी अंतिम विदाई? बेटे मल्हार पाटेकर ने बताई थी इसके पीछे की असली वजह

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर भारतीय सिनेमा के उन गिने-चुने कलाकारों में से हैं जो अपनी …