राम मंदिर चढ़ावा चोरी में बड़ा खेल: आरोपियों के पास मिली चंदे की ‘फर्जी रसीद’, ₹2 करोड़ की जमीन डील का खुला राज

अयोध्या। राम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, जांच टीम के होश उड़ रहे हैं। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान आरोपियों के पास से राम मंदिर चंदे की एक कथित ‘फर्जी रसीद’ बरामद हुई है, जो बिल्कुल असली रसीद जैसी दिखाई देती है। अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि यह रसीद किसने और कहाँ से छपवाई थी। आशंका जताई जा रही है कि ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से पहले इस रसीद के जरिए चंदे की भारी हेराफेरी की गई थी।

पुलिस लाइन छावनी में तब्दील: 40 घंटे की रिमांड पर तीनों आरोपी

कोर्ट से मिली 40 घंटे की कस्टडी रिमांड के बाद पुलिस ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पाण्डेय को जिला कारागार से कड़ी सुरक्षा के बीच अपने कब्जे में लिया। सुरक्षा का आलम यह था कि पुलिस लाइन के दोनों गेट बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। यहाँ तक कि अंदर जाने को लेकर फरियादियों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।

₹2 करोड़ की जमीन की डील और प्रॉपर्टी का कच्चा चिट्ठा

पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर हुआ है। जांच में सामने आया है कि अनुकल्प करीब 2 करोड़ रुपये की एक प्राइम लैंड (जमीन) खरीदने की फिराक में था और उसकी डील लगभग फाइनल हो चुकी थी, लेकिन डील पूरी होने से पहले ही वह सलाखों के पीछे पहुंच गया। पुलिस अब अनुकल्प और लवकुश के बैंक खातों, परिजनों के एकाउंट्स और उनकी चल-अचल संपत्ति का पूरा ब्योरा खंगाल रही है।

सीसीटीवी फुटेज दिखाकर पूछा- ‘कैश कहाँ-कहाँ छिपाया?’

लोकार्पण और सुरक्षा के तमाम दावों के बीच, पुलिस ने तीनों आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर काउंटिंग रूम (गणना कक्ष) की सीसीटीवी फुटेज दिखाई। फुटेज में आरोपी बेहद शातिर तरीके से कैमरों की नजर से बचकर नोटों की हेराफेरी करते हुए साफ दिख रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चोरी की गई रकम को किन-किन व्यापारिक गतिविधियों में निवेश किया गया और इस रैकेट में कौन से सफेदपोश या राजनीतिक चेहरे शामिल हैं।

Check Also

मातृवियोग की इस अपूरणीय क्षति में प्रदेश की 25 करोड़ जनता मुख्यमंत्री जी के साथ: केशव प्रसाद मौर्य

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने आज हरिद्वार (उत्तराखंड) में मुख्यमंत्री श्री …