मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर और सई पल्लवी स्टारर नितेश तिवारी की महागाथा ‘रामायण’ को लेकर सिनेमाप्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। इस साल दिवाली पर रिलीज होने जा रही इस ‘मोस्ट अवेटेड’ फिल्म के ट्रेलर को लेकर एक बहुत बड़ा और चौंकाने वाला अपडेट सामने आया है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ग्रैंड ट्रेलर इसी महीने, यानी आगामी 18 जुलाई को रिलीज होने जा रहा है। फिल्म की रिलीज से करीब साढ़े तीन महीने पहले ही ट्रेलर उतारने के पीछे मेकर्स का एक बहुत बड़ा मास्टरप्लान छिपा है।
हॉलीवुड की तर्ज पर ग्लोबल प्रमोशन की तैयारी
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, आमतौर पर कोरोना महामारी के बाद से बॉलीवुड फिल्मों के ट्रेलर रिलीज से महज कुछ हफ्ते पहले ही लॉन्च किए जाते हैं। लेकिन ‘रामायण’ के मामले में मेकर्स ने इस ट्रेंड को पूरी तरह बदल दिया है। फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने बताया, “यह कोई आम भारतीय फिल्म नहीं है। ‘रामायण’ को ग्लोबल स्तर पर एक अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के तौर पर पेश किया जा रहा है। यही वजह है कि हॉलीवुड फिल्मों की तरह इसका प्रमोशन भी काफी पहले शुरू किया जा रहा है, ताकि दुनिया भर के दर्शकों तक इसकी गूंज पहुंच सके।”
टीज़र में जानबूझकर हल्का रखा गया था VFX!
‘दंगल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बना चुके डायरेक्टर नितेश तिवारी पहली बार भारी-भरकम वीएफएक्स (VFX) और सीजीआई (CGI) से लैस इस सिनेमाई अजूबे को निर्देशित कर रहे हैं। फिल्म से जुड़ी एक और दिलचस्प इनसाइड स्टोरी सामने आई है कि सोशल मीडिया पर ‘आदिपुरुष’ जैसी फिल्मों से तुलना और ट्रोलिंग से बचने के लिए मेकर्स ने शुरुआती टीज़र में जानबूझकर हल्के वीएफएक्स का इस्तेमाल किया था। असली विजुअल इफेक्ट्स और हैरान कर देने वाले सीन्स का असली धमाका 18 जुलाई को आने वाले मुख्य ट्रेलर और सीधे फिल्म में ही देखने को मिलेगा, जिसे देखकर दर्शकों की आंखें खुली की खुली रह जाएंगी।
हजारों करोड़ दांव पर, सितारों की लगी है फौज
दिवाली 2026 के सबसे बड़े सिनेमाई क्लैश और धमाके के लिए तैयार इस फिल्म में हजारों करोड़ रुपये का बजट दांव पर लगा है। फिल्म में रणबीर कपूर (भगवान राम) और सई पल्लवी (माता सीता) के अलावा साउथ सुपरस्टार यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) जैसे कद्दावर सितारे मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। ट्रेलर के बाद से ही फिल्म का आक्रामक और ग्रैंड प्रमोशन देश-विदेश में शुरू कर दिया जाएगा।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया