AC Side Effects: नहाने के तुरंत बाद AC के चिल्ड कमरे में जाना सुरक्षित या खतरनाक? डॉक्टर ने दी बड़ी चेतावनी

गर्मियों के मौसम में चिलचिलाती धूप और पसीने से राहत पाने के लिए ठंडे पानी से नहाना हर किसी को पसंद होता है। कुछ लोगों को गर्मी इतनी ज्यादा लगती है कि वे नहाने जाने से पहले ही अपने बेडरूम का एसी (Air Conditioner) ऑन कर देते हैं, ताकि नहाकर निकलते ही उन्हें एकदम ठंडा-ठंडा ‘चिल्ड’ कमरा मिले।

नहाने के तुरंत बाद एसी की ठंडी हवा में बैठना भले ही उस वक्त आपको बहुत सुकून देता हो, लेकिन यह आदत आपकी सेहत के लिए एक बड़ा खतरा बन सकती है। अचानक तापमान में होने वाला यह बड़ा बदलाव (Thermal Shock) शरीर के इम्यून सिस्टम को बिगाड़ सकता है। नोएडा की मशहूर फिजिशियन डॉक्टर स्वाति चौहान ने बताया कि नहाने के फौरन बाद एसी में बैठना क्यों सुरक्षित नहीं है और इससे कौन सी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

अचानक बदलता है शरीर का तापमान (Body Temperature)

डॉक्टर स्वाति चौहान के अनुसार, गर्मियों में हमारे शरीर का बाहरी तापमान काफी गर्म रहता है। जब हम नहाते हैं, तो पानी के संपर्क में आने से शरीर का तापमान अचानक से गिर जाता है, यानी बॉडी एकदम से ठंडी हो जाती है। यही वजह है कि गर्मियों में भी बहुत ज्यादा ठंडे या बर्फ वाले पानी से नहाने की मनाही की जाती है, ताकि शरीर का प्राकृतिक तापमान संतुलित रहे। ऐसे में नहाने के ठीक बाद बिना शरीर को सुखाए और सामान्य किए तुरंत एसी के सामने बैठ जाना शरीर के थर्मल बैलेंस को पूरी तरह बिगाड़ देता है।

नहाते ही AC में बैठने से हो सकती हैं ये 4 गंभीर समस्याएं

1. सांस लेने में तकलीफ और सर्दी-जुकाम

यदि आपकी इम्यूनिटी थोड़ी भी कमजोर है या आपको जल्दी इन्फेक्शन होता है, तो नहाने के तुरंत बाद एसी में बैठने की गलती भूलकर भी न करें। अचानक गर्म से ठंडे माहौल में जाने के कारण नेजल पैसेज (नाक की नली) सिकुड़ सकती है, जिससे नाक बंद होना, गले में खराश, सूखी खांसी और सर्दी-जुकाम की समस्या तुरंत ट्रिगर हो जाती है। कुछ लोगों को इसके कारण सांस लेने में भी हल्की दिक्कत महसूस होने लगती है।

2. सिरदर्द और अचानक चक्कर आना

नहाने के बाद जब बाल और शरीर गीला होता है, तब एसी की सीधी और ठंडी हवा सिर की नसों को सिकोड़ देती है। इससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है, जिसके चलते अचानक तेज सिरदर्द या माइग्रेन का दर्द उठ सकता है। तापमान के इस अचानक उतार-चढ़ाव के कारण कई लोगों को कमरा बदलने पर अचानक चक्कर आने या आंखों के सामने अंधेरा छाने की शिकायत भी हो सकती है।

3. आंखों और त्वचा में सूखापन (Dryness)

हवा से नमी सोखना एसी का मुख्य काम होता है, जिसके कारण एसी रूम की हवा बेहद शुष्क (Dry) होती है। नहाने के तुरंत बाद इस सूखी हवा के संपर्क में आने से आंखों का पानी सूखने लगता है, जिससे आंखों में सूखापन, लालिमा, खुजली और जलन की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, जिन लोगों को एक्जिमा या रोजेशिया जैसी स्किन एलर्जी की बीमारी है, उनकी त्वचा में रूखापन और खुजली की समस्या अचानक बढ़ सकती है।

4. डिहाइड्रेशन (Dehydration) का खतरा

हैरानी की बात यह है कि नहाने के दौरान भी हमारा शरीर एक अलग प्रक्रिया से गुजरता है और उसे नमी की जरूरत होती है। नहाने के फौरन बाद जब आप अत्यधिक शुष्क एसी हवा में बैठते हैं, तो त्वचा की बची-खुची नमी भी तेजी से उड़ जाती है, जिससे आंतरिक रूप से शरीर में पानी की कमी होने लगती है। इस स्थिति में अगर आप कमरे में आकर तुरंत पानी भी पी लेते हैं, तब भी शरीर का तापमान संतुलित न होने के कारण डिहाइड्रेशन का रिस्क बना रहता है।

खुद को सुरक्षित रखने के लिए डॉक्टर की 2 जरूरी सलाह

गर्मियों के मौसम में बीमारियों से बचने और खुद को फिट रखने के लिए डॉक्टर स्वाति चौहान ने ये दो नियम बताए हैं:

  • तापमान सामान्य होने दें: नहाने के बाद बाथरूम से बाहर आकर सबसे पहले पंखे की सामान्य हवा में अपने शरीर और बालों को तौलिये से अच्छी तरह सुखाएं। कम से कम 10 से 15 मिनट तक नॉर्मल रूम टेंपरेचर पर बैठें, ताकि शरीर का तापमान सामान्य हो सके। इसके बाद ही एसी वाले कमरे में जाएं।

  • तुरंत पानी पीने से बचें: नहाने के तुरंत बाद फ्रिज का ठंडा पानी या सामान्य पानी भी नहीं पीना चाहिए। शरीर का तापमान स्थिर होने के बाद ही पानी का सेवन करें।

Check Also

खांसते या छींकते ही निकल जाता है यूरिन? न करें शर्मिंदगी के कारण नजरअंदाज, जानिए किस बीमारी का है संकेत

हंसते, खांसते, छींकते, दौड़ते या कोई भारी सामान उठाते समय अचानक पेशाब की कुछ बूंदों …