उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की बेरहमी से हुई हत्या के बाद प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चौतरफा सवाल उठने लगे हैं। इस जघन्य हत्याकांड को लेकर सियासत भी पूरी तरह गरमा गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस घटना समेत हाल ही में हुई 4 बड़ी वारदातों का जिक्र करते हुए सूबे की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए पूछा है कि क्या यूपी में गृह मंत्रालय नाम की कोई चीज बची भी है या वह अपराधियों के दुस्साहस को देखकर अंडरग्राउंड हो गया है?
अखिलेश यादव ने ट्वीट कर सरकार को घेरा
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था के ठप्प होने का दावा करते हुए अपने ट्वीट में लिखा— “पश्चिमी उप्र में एशियन गेम्स में चयनित पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या, राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या, सूर्या चौहान और एक दूध व्यापारी की हत्या, उप्र की कानून व्यवस्था के ठप्प होने का प्रतीक है।” इसके आगे उन्होंने सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए लिखा, “‘गृह’ नामक कोई मंत्रालय यूपी में है क्या या अपराधियों के दुस्साहस को देखकर अंडरग्राउंड हो गया है।”
इन 4 सनसनीखेज हत्याकांडों से दहल उठा पश्चिमी यूपी
अखिलेश यादव ने सरकार को घेरने के लिए जिन चार बड़ी आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया है, उनकी इनसाइड स्टोरी बेहद खौफनाक है:
-
1. स्वर्ण पदक विजेता पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या: गाजियाबाद के मुरादनगर के रहने वाले चिराग त्यागी एक होनहार पैरा एथलीट थे, जिन्होंने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था और एशियन पैरा गेम्स के लिए क्वालिफाई किया था। शनिवार को उनका शव हिंडन क्षेत्र के साईं उपवन में मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि खेल प्रतिस्पर्धा और एशियन गेम्स में चयन को लेकर पैदा हुई आपसी रंजिश के कारण उनकी हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को दबोच लिया है।
-
2. राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल की हत्या: दूसरी खौफनाक वारदात मेरठ की है, जहां राष्ट्रीय स्तर की 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल उर्फ रिया की महज कुछ पैसों के लेन-देन के विवाद में एक फास्ट फूड स्टॉल संचालक ने ईंट मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने करीब डेढ़ महीने की कड़ी मशक्कत के बाद चंडीगढ़ से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
-
3. छात्र सूर्या चौहान की चाकू गोदकर हत्या: गाजियाबाद में 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की महज मोटरसाइकिल चलाने के मामूली विवाद में चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ (एनकाउंटर) में मारा गया, जबकि इस पूरी साजिश में शामिल उसके पिता नवाब और तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
-
4. लोनी के दूध व्यापारी का संदिग्ध मर्डर: चौथी घटना लोनी इलाके की है, जहां एक डेयरी संचालक (दूध व्यापारी) घर से पशुओं का चारा (खल) लेने निकला था लेकिन रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। अंडरपास के पास से उसकी बाइक, चप्पल, 7 खोखे (कारतूस) और भारी मात्रा में खून के निशान मिले हैं। 4 दिन बीत जाने के बाद भी व्यापारी का कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों ने हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है। पुलिस सीसीटीवी में दिखी एक संदिग्ध कार के आधार पर जांच कर रही है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक हुए इन चार बड़े हत्याकांडों ने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं, जिसे विपक्ष अब भुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया