19 राज्यों में मूसलाधार वर्षा और ओलावृष्टि का अलर्ट, 70km की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; जानें अपने शहर का हाल

नई दिल्ली। भीषण गर्मी और तपिश के बीच देश के एक बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत तक के 19 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। अगले 6 दिनों तक कहीं बर्फबारी, कहीं धूल भरी आंधी तो कहीं ओलावृष्टि लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की प्रबल संभावना है।

पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में धूल भरी आंधी

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, 29 अप्रैल से 4 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी और बारिश हो सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में 29-30 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। विशेष रूप से पंजाब और हरियाणा में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी गई है, जबकि राजस्थान में भीषण धूल भरी आंधी जनजीवन प्रभावित कर सकती है।

पूर्वोत्तर में ‘रेड अलर्ट’ जैसे हालात

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले चार दिन बेहद संवेदनशील बताए जा रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच ‘अत्यधिक भारी’ बारिश का अनुमान है, जिससे रेड अलर्ट जैसी स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही असम, मेघालय और नागालैंड में 3 मई तक लगातार बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जलभराव और भूस्खलन के प्रति सचेत रहने की सलाह दी है।

बिहार-झारखंड में चक्रवाती हवाओं और ओलों का तांडव

पूर्वी भारत में चक्रवाती हवाओं के असर से बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में अगले 6 दिनों तक आंधी-बारिश का दौर चलेगा। झारखंड में 29 और 30 अप्रैल को ओलावृष्टि (Hailstorm) की चेतावनी दी गई है, जबकि गंगा के मैदानी इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। सिक्किम में भी 29 अप्रैल को अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है, जिससे पहाड़ी रास्तों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम

उत्तर और पूर्व ही नहीं, दक्षिण भारत के राज्यों में भी इंद्र देव मेहरबान होंगे। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में 30 अप्रैल से भारी बारिश का दौर शुरू होगा। कर्नाटक में 29 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना जताई गई है, वहीं आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में बिजली गिरने (Lightning) की चेतावनी के साथ गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

Check Also

लखनऊ में रूह कंपा देने वाला तिहरा कांड: पति ने ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर पत्नी और साली को मारी गोली, फिर खुद को उड़ाया

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, …