साल 1998 के मशहूर ब्लैकबक (काले हिरण) शिकार मामले पर आधारित फिल्म ‘काला हिरण’ इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री और सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा और विवादों में है। सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की ओर से फिल्म के मेकर्स को कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद अब इस प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है। फिल्म के कलाकारों ने एक-एक कर इसे छोड़ना शुरू कर दिया है। दिग्गज अभिनेता गोविंद नामदेव के बाद अब फिल्म में मुख्य भूमिका (सलमान खान का किरदार) निभाने वाले अभिनेता सोनू मिश्रा ने भी फिल्म से किनारा कर लिया है। सोनू ने फिल्म छोड़ने के साथ ही मेकर्स के कॉन्ट्रैक्ट को लेकर बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
स्क्रिप्ट और एग्रीमेंट देखते ही उड़ गए होश
यूट्यूब चैनल ‘बॉलीवुड क्रेजी’ को दिए एक बेबाक इंटरव्यू में सोनू मिश्रा ने बताया कि वह इस प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआत में काफी उत्साहित थे। सोनू ने कहा, “मुझे सुपरस्टार सलमान खान का किरदार निभाने का मौका मिला था और मैंने दो दिन की शूटिंग भी पूरी कर ली थी। लेकिन जैसे ही फिल्म का नैरेटिव सामने आने लगा, मुझे मेकर्स की असली मंशा समझ आ गई। मैं पिछले 15-16 साल से एक्टिंग इंडस्ट्री में हूं और मैं किसी ऐसी फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहता जो सिर्फ किसी की छवि खराब करने के लिए बनाई जा रही हो। अगर मेकर्स सुपरस्टार सलमान खान को पूरी तरह से नेगेटिव दिखाना चाहते हैं, तो मैं इस प्रोजेक्ट से बेहतर दूसरे प्रोजेक्ट्स करना पसंद करूंगा।”
कॉन्ट्रैक्ट में लिखी थी सलमान के खिलाफ बोलने की शर्त
सोनू मिश्रा ने मेकर्स के लीगल एग्रीमेंट पर बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि दो दिन की शूटिंग के बाद जब उन्होंने स्क्रिप्ट और एग्रीमेंट के क्लॉज (शर्तें) मांगे, तो मेकर्स टालमटोल करने लगे। काफी दबाव के बाद जब कॉन्ट्रैक्ट सामने आया, तो उसमें एक बेहद अजीब और अनैतिक शर्त लिखी थी। सोनू के मुताबिक, “कॉन्ट्रैक्ट में साफ तौर पर लिखा था कि फिल्म के प्रमोशन के दौरान मुझे मीडिया में जाकर सलमान खान के खिलाफ बयानबाजी करनी होगी और उनके विरोध में बोलना होगा। यह बात मेरे एथिक्स (नैतिकता) के पूरी तरह खिलाफ थी, इसलिए मैंने तुरंत फिल्म छोड़ने का फैसला किया।”
पब्लिसिटी और हाइप क्रिएट करने का खेल
सोनू ने आगे बताया कि मेकर्स ने खुद उनसे यह स्वीकार किया था कि यह पूरी फिल्म सलमान खान के खिलाफ तैयार की जा रही है। सलमान खान की तरफ से आए लीगल नोटिस को लेकर सोनू ने कहा कि यह सब सिर्फ पब्लिसिटी बटोरने और हाइप क्रिएट करने का एक जरिया है। मेकर्स को यह लीगल नोटिस अप्रैल 2026 में ही मिल गया था, लेकिन जानबूझकर इसे जून में मीडिया के सामने लाया गया ताकि फिल्म को लेकर विवाद बढ़े और मेकर्स को मुफ्त की पब्लिसिटी मिल सके।
फर्स्ट लुक आते ही शुरू हुआ था विवाद
आपको बता दें कि फिल्म ‘काला हिरण’ का फर्स्ट लुक 11 जून 2026 को रिलीज किया गया था, जिसमें गोविंद नामदेव और सोनू मिश्रा नजर आ रहे थे। इस पोस्टर में ‘लॉयन बिश्नोई’ का भी जिक्र किया गया था। इस फिल्म के निर्देशक भारत एस. श्रीनेत हैं, जबकि इसके लेखक और निर्माता अमित जानी हैं। इससे पहले गोविंद नामदेव ने भी मेकर्स पर गुमराह करने और धोखे में रखकर शूटिंग कराने का आरोप लगाते हुए फिल्म छोड़ दी थी।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया