भारतीय थाली में अगर गर्मागर्म, फूली हुई और नरम रोटी न हो, तो खाने का स्वाद अधूरा सा लगता है। अक्सर कई लोग शिकायत करते हैं कि उनकी रोटियां तवे पर फूलती नहीं हैं या फिर डिब्बे में रखते ही कड़क हो जाती हैं। गर्मियों के मौसम में तो यह समस्या और भी बढ़ जाती है। दरअसल, रोटी का सख्त होना आपकी कुकिंग स्टाइल की कुछ छोटी गलतियों का नतीजा हो सकता है। अगर आप भी चाहती हैं कि आपकी बनाई रोटियां घंटों तक ताजी और सॉफ्ट बनी रहें, तो अमर उजाला के इस खास रिपोर्ट में बताए गए इन आसान टिप्स को जरूर नोट कर लें।
आटा गूंथते समय न करें ये बड़ी गलती
रोटी के सॉफ्ट बनने की पहली शर्त है आटे का सही टेक्सचर। अक्सर महिलाएं एक साथ ढेर सारा पानी डाल देती हैं, जिससे आटा या तो बहुत गीला हो जाता है या फिर कहीं-कहीं से सख्त रह जाता है। सही तरीका यह है कि थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर आटे को तब तक गूंथें जब तक वह पूरी तरह चिकना न हो जाए। ध्यान रहे, रोटी का आटा न तो बहुत सख्त होना चाहिए और न ही हाथों में चिपकने वाला।
गुनगुने पानी और ग्लूटन का मेल
अगर आप चाहती हैं कि रोटियां रुई जैसी बनें, तो आटा गूंथने के लिए साधारण या ठंडे पानी की जगह हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। गुनगुना पानी आटे में मौजूद ग्लूटन को अच्छे से एक्टिव करता है, जिससे रोटियां लचीली बनती हैं। आटे को कम से कम 5 से 7 मिनट तक अच्छी तरह लोच देकर गूंथना चाहिए ताकि वह पूरी तरह से सेट हो जाए।
आटे को रेस्ट देना है बेहद जरूरी
जल्दबाजी में तुरंत आटा गूंथकर रोटी बनाना सबसे बड़ी गलती है। ताजे गूंथे आटे की रोटियां किनारों से फटने लगती हैं और सूखने पर कड़क हो जाती हैं। आटे को गूंथने के बाद कम से कम 20 से 30 मिनट के लिए किसी गीले कपड़े या ढक्कन से ढककर छोड़ दें। इससे आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और बेलते समय रोटियां बिना फटे गोल और फूली हुई बनती हैं।
गर्मियों में सूखेपन से ऐसे बचाएं
गर्मियों के मौसम में हवा के संपर्क में आते ही आटे की ऊपरी परत सूखकर पपड़ी जैसी बन जाती है। इससे बचने के लिए आटे के ऊपर हल्का सा घी या तेल लगाकर रखें। साथ ही, रोटियां सेकते समय आंच का खास ख्याल रखें। धीमी आंच पर रोटी सेकने से वह ‘खिंची-खिंची’ और कड़क बनती है। हमेशा मीडियम से हाई फ्लेम पर ही रोटियां सेकें ताकि वे तुरंत फूलें और नमी बरकरार रहे।
स्टोर करने का सही तरीका
रोटी बनाने के बाद उसे सीधे कैसरोल या डिब्बे में न रखें, इससे नीचे वाली रोटी भाप से गीली हो सकती है। हमेशा रोटी को एक साफ सूती कपड़े (Kitchen Towel) में लपेटकर रखें। इससे रोटियों की गर्माहट बनी रहती है और वे लंबे समय तक ताजी और मुलायम रहती हैं। इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप हर बार परफेक्ट रोटियां तैयार कर सकती हैं।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया