वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी बेबाक और अक्सर विवादित बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं। इस बार उनके निशाने पर आए हैं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों। एक आधिकारिक लंच के दौरान ट्रंप ने न केवल मैक्रों की सैन्य नीतियों का मजाक उड़ाया, बल्कि उनके निजी जीवन और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ उनके रिश्तों पर भी तीखी टिप्पणी कर दी। ट्रंप का यह बयान एक वीडियो में कैद हो गया, जिसने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में खलबली मचा दी है।
ट्रंप का चौंकाने वाला दावा: ‘जबड़े पर पड़ा था मुक्का’
व्हाइट हाउस के यूट्यूब चैनल पर अपलोड हुए (और बाद में ब्लॉक किए गए) एक वीडियो में ट्रंप को यह कहते सुना गया, “मैंने फ्रांस के मैक्रों को फोन किया, जिनकी पत्नी उनके साथ बेहद बुरा बर्ताव करती हैं। वह अभी भी उस मुक्के से उबर रहे हैं, जो उन्होंने (ब्रिगिट ने) उनके मुंह पर मारा था।” ट्रंप का यह इशारा पिछले साल वियतनाम यात्रा के दौरान वायरल हुए एक वीडियो की ओर था, जिसमें ब्रिगिट मैक्रों कथित तौर पर राष्ट्रपति को धक्का देती नजर आई थीं। हालांकि, फ्रांस ने इसे हमेशा ‘दुष्प्रचार’ बताकर खारिज किया है।
सैन्य मदद पर मैक्रों की नकल उतार कर उड़ाया मजाक
निजी टिप्पणियों के अलावा ट्रंप ने मध्य पूर्व (खाड़ी युद्ध) में फ्रांस की भूमिका पर भी तंज कसा। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने मैक्रों से सैन्य सहायता मांगी थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। ट्रंप ने मैक्रों के फ्रेंच लहजे की नकल उतारते हुए कहा:
“मैंने कहा, इमैनुएल, हमें खाड़ी में थोड़ी मदद चाहिए। क्या आप कुछ जहाज भेज सकते हैं? इस पर उन्होंने (मैक्रों ने) कहा- ‘नहीं-नहीं डोनाल्ड, हम यह युद्ध जीतने के बाद ही कुछ कर सकते हैं’।”
ट्रंप ने हंसते हुए इसे खारिज कर दिया और कहा कि युद्ध जीतने के बाद उन्हें किसी की मदद की जरूरत नहीं होगी।
मैक्रों और ब्रिगिट: विवादों में रहा है रिश्ता
इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट का रिश्ता हमेशा से ही चर्चा का विषय रहा है। ब्रिगिट, मैक्रों की हाईस्कूल टीचर थीं और दोनों के बीच उम्र का फासला लगभग 24-25 साल है। जब उनका रिश्ता शुरू हुआ तब मैक्रों महज 15 वर्ष के थे। ट्रंप ने इसी पृष्ठभूमि और पिछले साल के उस वीडियो का फायदा उठाया जिसमें वियतनाम पहुंचने पर प्लेन के दरवाजे पर ब्रिगिट ने कथित तौर पर मैक्रों का चेहरा झटके से दूसरी तरफ हटा दिया था। उस वक्त मैक्रों कैमरे के सामने काफी असहज नजर आए थे।
भारत और दुनिया पर असर
ट्रंप की यह ‘बड़बोली’ कूटनीति फ्रांस और अमेरिका के रिश्तों में दरार डाल सकती है। वहीं, मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ट्रंप का यह रवैया दिखाता है कि वह सहयोगियों पर दबाव बनाने की रणनीति अपना रहे हैं। भारत के लिए चिंता का विषय यह है कि खाड़ी में बढ़ता युद्ध एलपीजी और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को प्रभावित कर सकता है, जिस पर ट्रंप लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया