
धार्मिक डेस्क : हिंदू धर्म के 18 पुराणों में गरुड़ पुराण का विशेष महत्व है, जिसे जीवन और मृत्यु के बाद की स्थितियों का दर्पण माना जाता है। गरुड़ पुराण में न केवल मोक्ष के मार्ग बताए गए हैं, बल्कि सुखद और पवित्र जीवन जीने के लिए कई महत्वपूर्ण नियम भी साझा किए गए हैं। गरुड़ पुराण के अनुसार, हमारी कुछ रोजमर्रा की आदतें घर में नकारात्मक शक्तियों और भूत-प्रेतों के वास का कारण बन सकती हैं। यदि आप चाहते हैं कि आपके घर में सुख-शांति और बरकत बनी रहे, तो आपको इन 6 बड़ी गलतियों से तुरंत तौबा कर लेनी चाहिए।
बासी खाना और गंदगी को न दें जगह
गरुड़ पुराण के अनुसार, जिस घर में रसोई घर गंदा रहता है या जहां बार-बार बासी भोजन का सेवन किया जाता है, वहां दरिद्रता का वास होने लगता है। बासी भोजन न केवल सेहत बिगाड़ता है, बल्कि यह तामसिक ऊर्जा को भी बढ़ावा देता है। इसी तरह घर के कोनों में जमा गंदगी और कबाड़ नकारात्मक शक्तियों को आकर्षित करते हैं। गरुड़ पुराण कहता है कि गंदगी वाले स्थानों पर लक्ष्मी कभी नहीं ठहरतीं और वहां अशांति का माहौल बना रहता है।
बुजुर्गों का अपमान और पूजा-पाठ से दूरी पड़ेगी भारी
जिस घर में बुजुर्गों का सम्मान नहीं होता और जहां प्रतिदिन सुबह-शाम ईश्वर की आराधना नहीं की जाती, वहां देव शक्तियां साथ छोड़ देती हैं। बुजुर्गों का अपमान पितृ दोष का कारण बनता है, जिससे घर की उन्नति रुक जाती है। वहीं, नियमित पूजा-पाठ और मंत्रोच्चार से घर का वातावरण शुद्ध रहता है, जिससे प्रेत बाधाएं और बुरी शक्तियां कोसों दूर रहती हैं। यदि घर में धूप-दीप नहीं जलता, तो वह स्थान वीरान घर की तरह नकारात्मकता का केंद्र बन जाता है।
बिना स्नान भोजन और थूकने की आदत है घातक
गरुड़ पुराण में स्वच्छता को भक्ति का दूसरा नाम बताया गया है। जो लोग बिना स्नान किए भोजन ग्रहण करते हैं, वे अनजाने में ही अशुद्धता को बढ़ावा देते हैं। शास्त्रों के अनुसार, शरीर की शुद्धि के बिना अन्न ग्रहण करना दोषपूर्ण माना गया है। इसके अलावा, कहीं भी थूकने की गंदी आदत न केवल सामाजिक रूप से बुरी है, बल्कि धार्मिक दृष्टि से भी यह राहु-केतु जैसे ग्रहों को दूषित करती है। ऐसी आदतें व्यक्ति के मानसिक बल को कमजोर करती हैं, जिससे वह नकारात्मक शक्तियों के प्रभाव में जल्दी आ सकता है।
घर को कैसे रखें पवित्र और सुरक्षित?
अपने आशियाने को नकारात्मकता से बचाने के लिए गरुड़ पुराण कुछ सरल उपाय भी सुझाता है। घर में नियमित रूप से गंगाजल का छिड़काव करें और मुख्य द्वार पर स्वास्तिक का चिह्न बनाएं। सूर्यास्त के समय घर में कपूर जलाना बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि इसकी सुगंध से सूक्ष्म कीटाणु और नकारात्मक ऊर्जा दोनों नष्ट हो जाते हैं। याद रखें, एक पवित्र और अनुशासित जीवनशैली ही घर को स्वर्ग बनाती है और बुरी शक्तियों के प्रवेश को रोकती है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया