मुंबई: डिजिटल दुनिया से निकलकर रुपहले पर्दे पर अपनी अदाकारी का जलवा बिखेरने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धरना दुर्गा (Dharna Durga) इन दिनों कामयाबी के सातवें आसमान पर हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘मां-बहन’ में माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी जैसी बड़ी अभिनेत्रियों के साथ स्क्रीन शेयर करने वाली धरना ने एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। दुनिया भर में फिल्मों और कलाकारों की रेटिंग तय करने वाले प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म आईएमडीबी (IMDb) की ‘पॉपुलर इंडियन सेलिब्रिटी लिस्ट’ में धरना ने माधुरी और तृप्ति को काफी पीछे छोड़ दिया है।
IMDb लिस्ट में धरना का जलवा, माधुरी-तृप्ति को पछाड़ा
IMDb द्वारा जारी की गई भारत के सबसे लोकप्रिय सेलिब्रिटीज की ताजा साप्ताहिक सूची में धरना दुर्गा ने सीधे 5वां स्थान हासिल कर टॉप 5 में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं, ‘नेशनल क्रश’ कही जाने वाली तृप्ति डिमरी इस लिस्ट में 13वें नंबर पर हैं और बॉलीवुड की एवरग्रीन ‘धक-धक गर्ल’ माधुरी दीक्षित 15वें पायदान पर खिसक गई हैं। एक न्यूकमर और इन्फ्लुएंसर के लिए इन दोनों मेगास्टार्स को पछाड़कर टॉप 5 में जगह बनाना फिल्म इंडस्ट्री में एक बहुत बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
नेटफ्लिक्स पर छाई फिल्म ‘मां-बहन’
आपको बता दें कि ये तीनों अभिनेत्रियां हाल ही में डायरेक्टर सुरेश त्रिवेणी की ब्लैक कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ‘मां-बहन’ में एक साथ नजर आई हैं। इस फिल्म को विक्रम मल्होत्रा और सुरेश त्रिवेणी ने मिलकर प्रोड्यूस किया है। फिल्म में इन तीनों अभिनेत्रियों के अलावा भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन भी एक बेहद अहम और मजेदार किरदार में नजर आ रहे हैं। नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही इस 2 घंटे 7 मिनट की फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की तरफ से काफी पॉजिटिव रिस्पॉन्स मिल रहा है, जिसमें धरना दुर्गा की कॉमिक टाइमिंग और एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है।
कॉलेज बंक से लॉकडाउन और फिर सोशल मीडिया स्टार बनने का सफर
एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान धरना ने अपने इस दिलचस्प सफर का खुलासा करते हुए बताया था कि कॉलेज के दिनों में वह इस कशमकश में थीं कि उन्हें डांस क्लब ज्वाइन करना चाहिए या थिएटर क्लब। लेकिन इससे पहले कि वह कोई फैसला ले पातीं, साल 2020 में देश में कोविड-19 महामारी के कारण लॉकडाउन लग गया। लॉकडाउन के दौरान उन्होंने अपने दोस्तों के साथ महज मजे-मजे में एक मिमिक्री (नकल) चैलेंज किया और उसका वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते वह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो गया और यहीं से धरना के कंटेंट क्रिएशन के सफर की शुरुआत हुई।
पिता को खोने का दर्द और डिप्रेशन से लड़ाई
सफलता की इस चमक के पीछे धरना दुर्गा का एक बेहद भावुक और संघर्षपूर्ण अतीत भी छुपा है। जब साल 2021 में कोविड की दूसरी भयावह लहर आई, तो धरना ने अपने पिता को हमेशा के लिए खो दिया। पिता उनके परिवार के कमाने वाले मुख्य सदस्य थे, जिनकी मौत के बाद पूरा परिवार बिखर गया। धरना को अपनी मां के साथ मिलकर पिता का बिजनेस संभालना पड़ा।
धोखाधड़ी और रूढ़िवादी सोच का सामना करने के बारे में बात करते हुए धरना ने बताया, “ऑफिस में लोग हमें दो अकेली महिलाएं देखकर सोचते थे कि हम बिजनेस नहीं संभाल पाएंगे और हमें आसानी से बेवकूफ बना दिया जाएगा। उस वक्त मैं मानसिक और भावनात्मक रूप से बहुत बुरे दौर से गुजर रही थी। मैंने पैसे कमाने के लिए नहीं, बल्कि अपने दिमाग को उस गहरे दुख और डिप्रेशन से भटकाने के लिए दोबारा कंटेंट बनाना शुरू किया था।” आज उसी माइंड डायवर्शन और कड़ी मेहनत ने धरना को देश की सबसे पॉपुलर एक्ट्रेसेस की कतार में ला खड़ा किया है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया