जेल के दिनों को याद कर भावुक हुए मुनव्वर फारूकी, बोले- ‘मुझे लगा पुलिस मेरा एनकाउंटर करने वाली है’

मुंबई: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और रियलिटी शो विनर मुनव्वर फारूकी ने अपने नए यूट्यूब स्पेशल ‘धंधो’ (Dhandho) में इंदौर जेल में बिताए उन खौफनाक दिनों को याद किया है, जब उन्हें एक शो के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया था। मुनव्वर ने बताया कि लॉकअप में एक वक्त ऐसा भी आया था जब वह बुरी तरह डर गए थे और उन्हें लगा था कि पुलिस उनका एनकाउंटर करने जा रही है।

वॉकी-टॉकी की आवाज से उड़ गए थे होश

मुनव्वर ने बताया कि गिरफ्तारी की पहली रात वह पूरी रात लॉकअप में सो नहीं पाए थे। जेल में ध्यान भटकाने के लिए उन्होंने पुलिस के वॉकी-टॉकी से आ रही आवाजों पर फोकस करना शुरू किया। तभी वॉकी-टॉकी पर मैसेज आया कि ‘हाईवे पर मारुति को किसी ने ठोक दिया है’, लेकिन डर के मारे मुनव्वर को लगा कि पुलिस कह रही है कि ‘हाईवे पर फारूकी को ठोक दिया।’ यह सुनते ही उनके पसीने छूट गए और उन्हें लगा कि अब उनका एनकाउंटर पक्का है।

जब सुबह 4 बजे खुला लॉकअप का दरवाजा

मुनव्वर ने मजाकिया लहजे में उस खौफनाक पल को बयां करते हुए कहा कि सुबह 4 बजे जब पुलिसवाले ने लॉकअप खोला और उनके साथ गिरफ्तार बाकी 4 लोगों को भी साथ चलने को कहा, तब उन्हें थोड़ी राहत मिली। मुनव्वर ने सोचा कि अगर एनकाउंटर होगा भी, तो अकेले का नहीं बल्कि सबका साथ में होगा। गाड़ी (क्वालिस) में बैठते ही मुनव्वर ने डरते हुए पुलिसवाले से कहा, “प्लीज सर, ऐसा मत करो।”

एनकाउंटर नहीं, कोविड टेस्ट के लिए ले जा रही थी पुलिस

मुनव्वर की बात सुनकर पुलिसवाले हैरान रह गए और उन्होंने पूछा, “क्यों न करें? भाई, कोविड टेस्ट (Covid Test) कराना जरूरी है।” तब जाकर मुनव्वर की जान में जान आई कि पुलिस उन्हें किसी सुनसान जगह एनकाउंटर के लिए नहीं, बल्कि अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए ले जा रही थी। मुनव्वर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और फैंस उनके इस संजीदा लेकिन मजेदार अनुभव को काफी पसंद कर रहे हैं।

Check Also

पपराजी पर भड़कीं ‘दबंग’ गर्ल सोनाक्षी सिन्हा: कड़े लहजे में दी चेतावनी, बोलीं- ‘जब तक पीछे नहीं हटोगे, कार में नहीं बैठूंगी’

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा हमेशा पपराजी (Paparazzi) के साथ हंसी-मजाक और दोस्ताना व्यवहार के …