समुद्र में हड़कंप: ‘हंटावायरस’ की चपेट में आया लग्जरी क्रूज, 3 मरीजों को सुरक्षित निकाला गया, अब टेनेरिफ में होगी डॉकिंग

नई दिल्ली/मैड्रिड: अटलांटिक महासागर की लहरों के बीच फंसे लग्जरी क्रूज शिप ‘एमवी होंडियस’ (MV Hondius) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वहां जानलेवा हंटावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई। ताजा जानकारी के मुताबिक, जहाज पर सवार तीन संक्रमित मरीजों को आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू कर इलाज के लिए नीदरलैंड्स भेजा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, इन मरीजों में जर्मन, डच और ब्रिटिश नागरिक शामिल हैं, जिनमें से एक चालक दल (क्रू) का सदस्य भी है।

मौत का साया: अब तक तीन लोगों ने गंवाई जान

हंटावायरस का प्रकोप इस क्रूज पर कितना घातक है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक कुल सात संदिग्ध मामलों में से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि दो मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जबकि पांच अन्य के सैंपल्स की रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल, एक मरीज की स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, वहीं तीन अन्य में संक्रमण के हल्के लक्षण पाए गए हैं। संक्रमण के डर से केप वर्डे प्रशासन ने जहाज को तट पर लगाने की अनुमति नहीं दी, जिसके कारण 150 यात्री और क्रू मेंबर्स कई दिनों से समुद्र के बीच फंसे हुए हैं।

केबिन में कैद यात्री और डॉकिंग पर मचा घमासान

जहाज पर सवार बाकी यात्रियों को संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए उनके केबिनों में ही रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। क्रूज ऑपरेटर ‘ओशनवाइड एक्सपीडिशंस’ अब इस जहाज की गहन जांच और सैनिटाइजेशन की तैयारी कर रहा है। हालांकि, जहाज को किनारे लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कैनरी द्वीप समूह की क्षेत्रीय सरकार के प्रमुख फर्नांडो क्लैविजो ने अपने क्षेत्र में जहाज को आने की अनुमति देने से साफ इनकार कर दिया है।

अर्जेंटीना से शुरू हुआ था सफर, अब स्पेन में मिलेगी शरण

यह लग्जरी क्रूज अपनी यात्रा पर 1 अप्रैल को अर्जेंटीना के उशुआइया से रवाना हुआ था, लेकिन बीच रास्ते में ही वायरस के हमले ने इसे ‘मौत का जहाज’ बनाने की कोशिश की। केप वर्डे के पास कई दिनों तक लंगर डाले रहने के बाद, अब ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार स्पेन के टेनेरिफ (Tenerife) में इस जहाज की डॉकिंग की जाएगी। यहां जहाज की पूरी जांच की जाएगी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद ही आगे की कार्यवाही होगी।

Check Also

ट्रंप का ‘मिजाज’ फिर बदला: ईरान पर हमले की दी धमकी, ‘शहादत’ के लिए तैयार तेहरान ने किया पलटवार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को लेकर रुख किसी पेंडुलम की तरह लगातार बदल …