नई दिल्ली : सूरज के तीखे तेवर और बढ़ते पारे के बीच शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन एक बड़ी चुनौती बन जाती है। अक्सर लोग गर्मियों में खूब पानी पीते हैं, फिर भी थकान और लो-एनर्जी महसूस करते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, सिर्फ पानी पीना ही काफी नहीं है, बल्कि शरीर उस पानी का सही इस्तेमाल कैसे करता है, यह ज्यादा मायने रखता है। जाने-माने हेल्थ कोच रायन फर्नांडो ने हाल ही में गर्मियों के लिए 5 ऐसे जादुई फलों का जिक्र किया है जो न केवल पानी की कमी पूरी करते हैं, बल्कि इलेक्ट्रोलाइट्स और फाइबर के जरिए आपको दिनभर तरोताजा रखते हैं।
तरबूज: हाइड्रेशन का पावरहाउस और लाइकोपीन का खजाना
तरबूज को गर्मियों का सबसे पसंदीदा फल माना जाता है और इसकी वजह है इसमें मौजूद 92 प्रतिशत पानी। एक्सपर्ट के मुताबिक, तरबूज में लाइकोपीन नामक एंटीऑक्सीडेंट होता है जो ‘हीट स्ट्रेस’ (गर्मी के तनाव) को कम करने में मदद करता है। यह शरीर के फ्लूयड बैलेंस को बनाए रखता है। बेहतर परिणामों के लिए इसे मिड-मॉर्निंग या वर्कआउट के बाद खाएं। एक दिन में 200 से 300 ग्राम तरबूज का सेवन पर्याप्त है।
ताड़गोला (आइस एप्पल): शरीर से गर्मी सोखने वाला फल
तटीय इलाकों में मिलने वाला ताड़गोला (Ice Apple) गर्मियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें 90 प्रतिशत पानी होता है और यह प्राकृतिक रूप से शरीर की अंदरूनी गर्मी को बाहर निकालने की क्षमता रखता है। अगर आप दोपहर की चिलचिलाती धूप में खुद को ठंडा रखना चाहते हैं, तो एक या दो ताड़गोला का सेवन आपको गजब की ताजगी देगा।
खरबूजा: पाचन में हल्का और शरीर के तापमान को रखे कंट्रोल
खरबूजा न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि इसमें भी 90 प्रतिशत पानी की मात्रा होती है। यह एक ठंडा फल है जो शरीर के तापमान को रेगुलेट (Body Temperature Regulation) करने में मदद करता है। खास बात यह है कि यह पाचन में बहुत हल्का होता है, जिससे पेट को आराम मिलता है। इसे दोपहर के समय खाना सबसे ज्यादा फायदेमंद साबित होता है।
आड़ू (Peach): गट हेल्थ और स्किन के लिए बेहतरीन
आड़ू में लगभग 89 प्रतिशत पानी होता है और यह आपकी गट हेल्थ यानी आंतों के स्वास्थ्य के लिए बहुत अच्छा माना जाता है। यह फल आसानी से पच जाता है और हाइड्रेशन बनाए रखने में मददगार है। एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि दिनभर में एक या दो छोटे साइज के आड़ू मिड-मॉर्निंग या शाम के नाश्ते में खाए जा सकते हैं।
संतरा: इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस और विटामिन-सी की शक्ति
संतरे में 86 से 87 प्रतिशत तक पानी होता है, लेकिन इसकी असली खूबी इसमें मौजूद पोटेशियम है। पोटेशियम शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखता है, जिससे गर्मियों में होने वाली अचानक थकान दूर होती है। ध्यान रहे कि संतरे का जूस पीने के बजाय फल को सीधे खाना ज्यादा बेहतर है ताकि आपको पूरा फाइबर मिल सके। मिड-मॉर्निंग में एक या दो संतरा खाना सेहत के लिए बेस्ट है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया