UNGA में नेतन्याहू के भाषण से ठीक पहले वेस्ट बैंक में हमला: US में इजरायली राजदूत के बेटे को कार से कुचला, हालत बेहद नाजुक

न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बहुप्रतीक्षित संबोधन से ऐन पहले वेस्ट बैंक में एक भीषण आतंकी घटना सामने आई है। वेस्ट बैंक के रूट 443 पर स्थित मकाबीम (‘बेल’) चेकपॉइंट पर एक फिलिस्तीनी हमलावर ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात इजरायली सैनिकों को तेज रफ्तार कार से कुचल दिया। इस हमले में अमेरिका में इजरायल के नवनियुक्त राजदूत येचिएल लीटर (Yechiel Leiter) के बेटे और इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) के रिजर्व सैनिक नेरिया लीटर (Neria Leiter) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सिर में गंभीर चोट लगने के कारण नेरिया को अचेत अवस्था में यरुशलम के शाआरे जेदेक मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी आपातकालीन ब्रेन सर्जरी की है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है।

चेकपॉइंट पर तेज रफ्तार कार से टक्कर, जवाबी गोलीबारी में हमलावर ढेर

इजरायली सेना और पुलिस के अनुसार, यह हमला बेत होरोन बस्ती और मोदीन के बीच रूट 443 पर स्थित चेकपॉइंट पर हुआ। हमलावर की पहचान 29 वर्षीय फिलिस्तीनी नागरिक महमूद मुहम्मद सुलेमान के रूप में हुई है, जो रामल्लाह के पास बेत उर अल-तहता गांव का निवासी था।

अधिकारियों ने बताया कि सुलेमान ने अपनी कार को अत्यधिक तेज गति से पुलिस गश्ती वाहन और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों की ओर दौड़ाया और नेरिया लीटर को जोरदार टक्कर मारते हुए कुचल दिया। कार टकराने के बाद हमलावर वाहन से बाहर निकला और मौके पर मौजूद अन्य लोगों पर हमला करने का प्रयास करने लगा। हालांकि, चेकपॉइंट पर तैनात अन्य सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हमलावर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे वह मौके पर ही मारा गया।

न्यूयॉर्क से तुरंत इजरायल लौटे राजदूत: ‘नेरिया को एक चमत्कार की जरूरत’

घटना के समय अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर प्रधानमंत्री नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र दौरे के सिलसिले में न्यूयॉर्क में मौजूद थे। बेटे पर जानलेवा हमले की खबर मिलते ही वह अपना दौरा बीच में छोड़कर तुरंत यरुशलम के लिए रवाना हो गए।

शाआरे जेदेक अस्पताल पहुंचने के बाद मीडिया से भावुक अंदाज में बात करते हुए राजदूत लीटर ने कहा कि डॉक्टरों ने नेरिया की स्थिति को स्थिर करने के लिए रातभर मेहनत की है, लेकिन उनकी जान अभी भी खतरे में है। उन्होंने कहा कि फिलिस्तीनी हिंसा का मकसद यहूदियों को इस जमीन से उखाड़ना है। सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी करते हुए उन्होंने लिखा, “नेरिया को इस वक्त एक चमत्कार की जरूरत है। मैं शआरे जेदेक के डॉक्टरों और प्रार्थना कर रहे सभी लोगों का आभारी हूं। मुझे प्रार्थना की ताकत पर पूरा भरोसा है।”

पहले गाजा में बड़ा बेटा गंवा चुका है परिवार

लीटर परिवार के लिए यह सदमा और भी गहरा है क्योंकि यह परिवार पहले भी युद्ध की भारी कीमत चुका चुका है। नेरिया के बड़े भाई और छह बच्चों के पिता मेजर (रिजर्व) मोशे येदिद्या लीटर नवंबर 2023 में उत्तरी गाजा के बेत हानून में हमास के साथ लड़ते हुए एक सुरंग विस्फोट में मारे गए थे।

राजदूत लीटर ने बताया कि बड़े भाई की शहादत के बाद भी नेरिया का हौसला नहीं टूटा और वह स्वेच्छा से रिजर्व ड्यूटी करते रहे। 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के बाद से नेरिया ने आईडीएफ के लिए सैकड़ों दिन विभिन्न मोर्चों पर सेवाएं दी थीं।

यूएन में नेतन्याहू के भाषण पर असर, सेना को हाई अलर्ट

इस हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि पूरा देश नेरिया के स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना कर रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में अपने संबोधन के दौरान नेतन्याहू इस हमले और वेस्ट बैंक में जारी हिंसा का प्रमुखता से उल्लेख करेंगे। वह पश्चिमी देशों और विशेषकर फ्रांस के उन बयानों का कड़ा जवाब दे सकते हैं जिनमें वेस्ट बैंक में चरमपंथियों की गतिविधियों को कम करके आंका गया था।

आईडीएफ प्रमुख और रक्षा मंत्रालय ने हमले के मद्देनजर पूरे वेस्ट बैंक, जेरूसलम और सीमावर्ती चेकपॉइंट्स पर सेना को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

Check Also

‘कट्टरपंथी सोच, महिलाओं से हाथ मिलाने से भी परहेज’: फ्लाईदुबई के विमान में उपद्रव करने वाले ओमानी पायलट पर बड़ा खुलासा

फ्लाईदुबई (Flydubai) के एक विमान में बीच हवा में हुए हिंसक उपद्रव और सहयात्रियों पर …