लखनऊ। भारतीय राजनीति के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू का एक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसे अब तक अजेय माना जा रहा था। पीएम मोदी देश के लोकतांत्रिक इतिहास में लगातार सबसे लंबी अवधि तक सेवा देने वाले पहले निर्वाचित जननेता बन गए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है, वहीं दूसरी तरफ पूरी भारतीय जनता पार्टी इस खास मौके को एक बड़े उत्सव के रूप में मना रही है।
नेहरू का 4398 दिनों का रिकॉर्ड ध्वस्त, पीएम मोदी ने रचा नया कीर्तिमान
देश के सियासी गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक पीएम पद पर रहने का गौरव हासिल कर लिया है। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के लगातार 4398 दिनों के कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस अभूतपूर्व कीर्तिमान के बनते ही पूरी भाजपा में जश्न का माहौल है और इसे भारतीय लोकतंत्र का एक नया स्वर्णिम अध्याय माना जा रहा है।
सीएम योगी ने जताया आभार: ‘अमृतकाल के सारथी ने गढ़ा नया इतिहास’
इस गौरवशाली अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भावुक और गरिमापूर्ण बधाई दी। सीएम योगी ने लिखा, “145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत ही विरले (दुर्लभ) देखने को मिलते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का परिणाम है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है। उन्होंने पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और अविराम राष्ट्रसेवा के लिए मंगलकामना भी की।
यूपी की सभी 403 विधानसभाओं के मंदिरों में भाजपा का महा-पूजन
इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बनते ही भारतीय जनता पार्टी ने इसे पूरे देश में एक बड़े अभियान के रूप में मनाने का फैसला किया है। उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के दिग्गज नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ता तक मंदिरों में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना कर रहे हैं। दिल्ली के प्रसिद्ध सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचे उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी विधि-विधान से पूजा-पाठ कर अपनी शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय नेतृत्व ने संभाली कमान, दिग्गज नेता खुद उतरे मैदान में
इस भव्य उत्सव को लेकर भाजपा आलाकमान बेहद गंभीर है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने खुद एक वर्चुअल बैठक के जरिए इस पूरे अभियान की समीक्षा की। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह समेत कई बड़े पदाधिकारी, सांसद और विधायक शामिल हुए।
रणनीति के मुताबिक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी खुद लखनऊ के ऐतिहासिक हनुमान सेतु मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और शाम को बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में महाआरती में हिस्सा लेंगे। वहीं, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह लखनऊ में आयोजित विशेष पूजन कार्यक्रम की कमान संभालेंगे। वर्ष 2014 से शुरू हुई मोदी-योगी की यह जुगलबंदी आज भी बदस्तूर जारी है और पार्टी का मानना है कि इसी करिश्माई नेतृत्व के दम पर भाजपा आज फर्श से अर्श पर पहुंची है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया