पुणे के हाई-प्रोफाइल रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन ऐसे चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जो किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसे लगते हैं। लोनावला के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में मंगेतर को 400 फीट गहरी खाई में धक्का देकर मौत के घाट उतारने के मामले में आरोपी सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी इस वक्त पुणे ग्रामीण पुलिस की कड़े पहरे में हैं। पुलिस रिमांड के दौरान सख्ती से हुई पूछताछ में अब सिया गोयल ने बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। सिया का कहना है कि उसने केतन से शादी न करने के लिए मिन्नतें की थीं, लेकिन केतन ही पीछे हटने को तैयार नहीं था।
“केतन नहीं मान रहा था, इसलिए रास्ते से हटा दिया”
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस हिरासत में रोने का नाटक करते हुए सिया गोयल ने दावा किया कि वह केतन के साथ इस अरेंज मैरिज वाले रिश्ते से बिल्कुल भी खुश नहीं थी। उसने सगाई होने से पहले और सगाई हो जाने के बाद भी कई बार केतन से अकेले में बात की थी। सिया के मुताबिक, उसने केतन को साफ-साफ कह दिया था कि वह इस शादी को आगे नहीं बढ़ाना चाहती और वे दोनों इस रिश्ते को यहीं खत्म कर दें। लेकिन करोड़ों की इस हाई-प्रोफाइल शादी के लिए केतन लगातार तैयारियों में जुटा रहा और उसने सिया की बात को गंभीरता से नहीं लिया। बस इसी बात से तंग आकर उसने केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला किया।
अब प्यार का खेल खत्म, सलाखों के पीछे एक-दूसरे पर मढ़ रहे कत्ल का इल्जाम
हैरानी की बात यह है कि जो सिया और चेतन एक-दूसरे के प्यार में इस हद तक अंधे हो गए थे कि उन्होंने एक मासूम की जान ले ली, वही अब पुलिस के सामने खुद को बचाने के लिए एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं। सिया का कहना है कि उसने सिर्फ केतन की बेरुखी के बारे में अपने बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी को बताया था, जिसके बाद केतन की हत्या की पूरी खौफनाक प्लानिंग अकेले चेतन ने ही तैयार की थी। दूसरी तरफ, प्रेमी चेतन चौधरी का दावा है कि वह तो सिर्फ मोहरा था, कत्ल का पूरा मास्टरमाइंड प्लान खुद सिया ने ही बनाया था।
मर्डर से ठीक एक दिन पहले कैफे में बैठकर की थी अंतिम प्लानिंग
इस केस में पुलिस के हाथ एक बेहद पुख्ता सीसीटीवी (CCTV) फुटेज लगा है, जो इन दोनों का झूठ पूरी तरह बेनकाब करता है। हत्या की वारदात से ठीक एक दिन पहले पुणे के एक नामी रेस्टोरेंट/कैफे में सिया और चेतन को घंटों एक साथ बैठे देखा गया। सीसीटीवी फुटेज में दोनों बेहद गंभीर चर्चा करते नजर आ रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह वही कैफे था, जहां बैठकर दोनों ने लोहागढ़ किले में केतन को ठिकाने लगाने का फाइनल ब्लूप्रिंट तैयार किया था।
पहली बार बच गया था केतन, दूसरी बार ‘कोड वर्ड’ से हुआ मर्डर
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सिया लोहागढ़ किले से पहले भी एक अन्य जगह पर केतन को धक्का देने की नाकाम कोशिश कर चुकी थी, लेकिन तब केतन का संतुलन बन गया और वह बाल-बाल बच गया था। इसके बाद सिया और चेतन ने बकायदा लोहागढ़ किले की रेकी की और एक ऐसी ढलान चुनी जहां से गिरकर बचना नामुमकिन हो।
प्लान के मुताबिक, जब दोनों केतन को लेकर वहां पहुंचे, तो चेतन हुडी पहनकर झाड़ियों में छिप गया। सिया और चेतन के बीच एक ‘कोड वर्ड’ (संकेत) तय था। जैसे ही सिया ने तय जगह पर जाकर नीचे झुकने का नाटक किया, चेतन ने इशारा समझते ही पीछे से आकर केतन को जोरदार धक्का दे दिया और केतन 400 फीट नीचे गहरी खाई में समा गया।
32 डिग्री की गर्मी में ‘हुडी’ ने खोल दी खूनी इश्क की पोल
शुरुआत में पहाड़ियों पर फिसलन होने के कारण पुलिस इसे एक हादसा मान रही थी। लेकिन केतन की बहन को शुरुआत से ही अपनी होने वाली भाभी सिया पर गहरा शक था। बहन के लगातार दबाव के बाद पुलिस ने जब किले के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उन्हें एक संदिग्ध सुराग मिला। करीब 32 डिग्री की चुभती गर्मी में एक लड़का सिर पर पूरी हुडी (कैप) चढ़ाए घूम रहा था। जब उस हुडी वाले शख्स का रूट ट्रैक किया गया, तो उसकी पहचान सिया के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी के रूप में हुई। इसके बाद जब पुलिस ने दोनों को आमने-सामने बैठाकर सख्ती की, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया