मुंबई | छोटे पर्दे के सबसे बड़े स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 15 (Khatron Ke Khiladi 15) को लेकर एक धमाकेदार खबर सामने आई है। टीवी इंडस्ट्री के ‘वैंपायर’ कहे जाने वाले मशहूर अभिनेता विवियन डीसेना एक बार फिर रोहित शेट्टी के खतरनाक स्टंट्स का सामना करते नजर आएंगे। बिग बॉस 18 में अपनी धाक जमाने के बाद विवियन अब सीधे डर का सामना करने के लिए तैयार हैं।
9 साल बाद ‘खतरों के खिलाड़ी’ में विवियन की वापसी
विवियन डीसेना के लिए यह शो नया नहीं है। वे इससे पहले साल 2016 में ‘खतरों के खिलाड़ी’ सीजन 7 का हिस्सा रह चुके हैं। उस दौरान उन्होंने वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए शो में कदम रखा था। अब करीब 9 साल बाद वे दोबारा इस शो में नजर आएंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स ने विवियन का नाम लगभग फाइनल कर लिया है, जिससे उनके फैंस के बीच भारी उत्साह है।
बिग बॉस 18 के ‘फर्स्ट रनर अप’ रहे हैं विवियन
विवियन हाल ही में सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 18’ में नजर आए थे, जहां वे शो के फर्स्ट रनर अप रहे। दिलचस्प बात यह है कि बिग बॉस 18 के विजेता करणवीर मेहरा थे, और अब विवियन एक नए रियलिटी शो के जरिए अपनी जीत की दावेदारी ठोकने आ रहे हैं। ‘प्यार की ये एक कहानी’ में अभय रायचंद (वैंपायर) का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले विवियन को स्टंट्स करते देखना काफी रोमांचक होगा।
क्यों हुई शो में दो साल की देरी?
बता दें कि ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ की शूटिंग असल में मई 2025 में ही शुरू होनी थी। लेकिन अप्रैल 2025 में शो के प्रोडक्शन हाउस ‘बानीजे’ (Banijay) के अचानक एग्जिट की वजह से प्रोजेक्ट अटक गया था। अब सभी बाधाएं दूर होने के बाद शो जल्द ही फ्लोर पर जाने वाला है। चर्चा है कि इस सीजन का प्रीमियर जून 2026 से कलर्स टीवी पर किया जा सकता है।
विवियन के अलावा इन सितारों के नाम की भी चर्चा
सिर्फ विवियन ही नहीं, इस बार शो के लिए कई बड़े नामों पर कयास लगाए जा रहे हैं। संभावित कंटेस्टेंट्स की लिस्ट में ‘अनुपमा’ फेम गौरव खन्ना, अंकित गुप्ता, ईशा मालवीय, मनीषा रानी, हर्ष गुजराल और समर्थ जुरेल जैसे सितारों के नाम शामिल हैं। हालांकि, चैनल की ओर से अभी आधिकारिक लिस्ट आना बाकी है।
Shashwat Lokwarta – State News,Up News देश-दुनिया