SRK के दरियादिली ने जीता क्रू का दिल! जब शूटिंग के लिए शाहरुख खान ने कुर्बान किया फैमिली डिनर, सेट पर हर किसी से मांगी माफी

मुंबई। बॉलीवुड के ‘किंग खान’ यानी शाहरुख खान को यूं ही इंडस्ट्री का सबसे बड़ा सुपरस्टार नहीं कहा जाता। पर्दे पर अपनी अदाकारी से जादू बिखेरने वाले शाहरुख असल जिंदगी में अपने व्यवहार और प्रोफेशनलिज्म के लिए भी जाने जाते हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान मशहूर प्रोड्यूसर्स ने शाहरुख खान से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि ‘किंग’ एक ही होता है। प्रोड्यूसर्स ने बताया कि कैसे शाहरुख ने अपनी एक गलती के लिए न सिर्फ पूरे क्रू से माफी मांगी, बल्कि काम को अपनी फैमिली प्रायोरिटी से भी ऊपर रखा।

जब ‘पावर कपल’ के नखरों से परेशान हुए मेकर्स

एक हालिया पॉडकास्ट में फिल्ममेकर्स ने इंडस्ट्री के कड़वे और मीठे अनुभवों पर खुलकर बात की। बिना नाम लिए एक प्रोड्यूसर ने बताया कि बॉलीवुड में 2-3 सितारे ऐसे हैं, जिनके साथ काम करना किसी सिरदर्द से कम नहीं है। उन्होंने एक ‘पावर कपल’ का भी जिक्र किया, जिनके नखरों ने पूरी टीम का जीना मुहाल कर दिया था। लेकिन जैसे ही चर्चा शाहरुख खान पर आई, सभी फिल्ममेकर्स के चेहरे खिल उठे। सभी ने एक सुर में माना कि शाहरुख जैसा समर्पित एक्टर मिलना मुश्किल है।

दोपहर 2 बजे का नियम और वो सुबह की शिफ्ट

एक लीडिंग ब्रांड के शूट का अनुभव साझा करते हुए प्रोड्यूसर ने बताया, “हम शाहरुख और गौरी खान के साथ शूटिंग कर रहे थे। आमतौर पर शाहरुख का नियम है कि वह दोपहर 2 बजे ही सेट पर आते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने खुद कहा था कि घर पर डिनर और मेहमानों का कार्यक्रम है, इसलिए वह सुबह 9 बजे तक आ जाएंगे।”

गौरी खान समय पर सुबह 8:30 बजे पहुंच गईं, लेकिन शाहरुख खान को आने में देरी हो गई। प्रोड्यूसर इस बात को लेकर बेहद तनाव में थे कि 8 घंटे का शूट अब महज 4 घंटे में कैसे पूरा होगा, क्योंकि शाहरुख को तो शाम को डिनर के लिए घर जल्दी निकलना था।

“मैं कहीं नहीं जा रहा…” – शाहरुख का वो वादा

जब शाहरुख खान सेट पर पहुंचे, तो उन्होंने जो किया उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी। प्रोड्यूसर ने बताया, “शाहरुख ने सेट पर आते ही सबसे पहले मुझसे नहीं, बल्कि पूरी टीम और क्रू के हर सदस्य से हाथ जोड़कर देरी के लिए माफी मांगी।”

इतना ही नहीं, जब प्रोड्यूसर ने काम जल्दी खत्म करने की बात कही, तो शाहरुख ने दिल जीतने वाली बात कही। उन्होंने कहा, “मैं लेट हूं, इसलिए अब जब तक आप लोग पूरी तरह संतुष्ट नहीं हो जाते और काम खत्म नहीं हो जाता, मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।”

शूटिंग के लिए पोस्टपोन किया अपना फैमिली डिनर

शाहरुख खान ने अपने काम के प्रति समर्पण दिखाते हुए उसी वक्त घर फोन लगाया। उन्होंने घर पर कहा कि मेहमानों के साथ डिनर शुरू कर दिया जाए, वह काम खत्म करने के बाद ही आएंगे। शाहरुख ने अपने उस फैमिली इवेंट को दो घंटे के लिए टाल दिया, जिसके लिए उन्होंने सुबह की शिफ्ट रखी थी। प्रोड्यूसर्स ने कहा कि यही वो खूबी है जो शाहरुख खान को अन्य सितारों से अलग और ‘सुपरस्टार’ बनाती है।

Check Also

बॉलीवुड की पहली ‘बॉम्बशेल’ बेगम पारा, जिनकी बोल्डनेस से नफरत करते थे दिलीप कुमार; अमेरिकी सैनिकों में था गजब का क्रेज

हिंदी सिनेमा के ‘ट्रैजेडी किंग’ दिलीप कुमार (Dilip Kumar) की फिल्में, उनकी एक्टिंग और उनकी …